रेत की रॉयल्टी को लेकर रेत माफिया के बीच विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। 18 दिन बाद एक बार फिर फायरिंग से शहर में दहशत फैल गई। शुक्रवार देर रात रायपुर तिराहे के पास रेत रॉयल्टी को लेकर रेत कंपनी के कर्मचारियों और रेत कारोबारियों के बीच विवाद हो गया। पहले कहासुनी हुई, फिर मारपीट और उसके बाद गोलीबारी शुरू हो गई। घटना में रेत कारोबारी दलवीर रावत के पैर में गोली लगी, जिन्हें गंभीर हालत में ग्वालियर रेफर किया गया है। पुलिस ने बुद्धा गोस्वामी सहित चार लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है और एक आरोपी को हिरासत में लिया है। जानकारी के अनुसार, रेत परिवहन के दौरान रॉयल्टी पर्ची को लेकर विवाद बढ़ा था। गोली लगने के बाद दलवीर रावत गिर पड़े, जिन्हें आसपास के लोगों ने अस्पताल पहुंचाया। थाना प्रभारी संजय शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
गौरतलब है कि 22 दिसंबर को भी पिछोर निवासी यज्ञेय उर्फ योगेश यादव और राकेश यादव के बीच गैंगवार हुई थी, जिसमें फायरिंग के दौरान दो लोग घायल हुए थे। तब पुलिस वाहन पर पथराव और आरक्षक से मारपीट भी की गई थी। सिंध नदी की खदानों में रॉयल्टी को लेकर आए दिन विवाद और फायरिंग की घटनाएं हो रही हैं। रेत की रॉयल्टी को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ था। एक युवक के पैर में गोली लगी है जिसे ग्वालियर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चार लोगों पर मामला दर्ज किया और एक को गिरफ्तार कर लिया है।


