रायसेन शहर के सांची रोड पर स्थित जिला अस्पताल के सामने हर रोज जाम की स्थिति बन रही है। इसका मुख्य कारण नाला निर्माण कार्य और सड़क किनारे अतिक्रमण है। शुक्रवार दोपहर को भी माता मंदिर से लेकर तहसील कार्यालय तक कई बार जाम लगा। इस जाम में सैकड़ों वाहन और स्कूली बच्चे फंसे रहे। नाला निर्माण के दौरान ठेकेदार ने सड़क का आधा हिस्सा बंद कर दिया है। बैरिकेड्स भी सड़क से बाहर लगाए गए हैं, जिससे जगह और कम हो गई है। इसके अतिरिक्त, सड़क के दूसरी ओर सब्जी के ठेले, गुमटियां और दुकानों के बोर्ड रखकर अतिक्रमण किया गया है। बता दें कि शहर के गोपालपुर से टोल नाके तक 2 करोड़ 80 लाख रुपए की लागत से नाला निर्माण किया जा रहा है। यह कार्य कुछ समय पहले ही शुरू हुआ है। जिला अस्पताल के सामने से सड़क के एक ओर निर्माण कार्य शुरू होने के बाद से ही प्रतिदिन जाम की समस्या हो रही है। देखिए तस्वीरें…


