भास्कर संवाददाता | बड़वानी राशन वितरण में गड़बड़ी को लेकर ग्रामीणों ने शिकायत की थी। जिस पर प्रशासन स्तर से दल गठित कर जांच कराई गई। इसमें कई प्रकार की अनियमितता मिली है। जिस पर कारण बताओ नोटिस जारी कर 9 जनवरी को पेशी होगी। जानकारी के अनुसार ग्राम सोनखेड़ी के ग्रामीणों ने राशन वितरण में गड़बड़ी की शिकायत के संबंध में कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी सेंधवा ने मां भगवती स्व सहायता समूह सोनखेड़ी की संचालित शासकीय उचित मूल्य दुकान का निरीक्षण 24 दिसंबर को किया गया था। जिसके जांच प्रतिवेदन में उचित मूल्य दुकान सोनखेड़ी में स्टॉक रजिस्टर अद्यतन नहीं पाया गया। वितरण पंजी, शिकायत पुस्तिका, निरीक्षण पुस्तिका, निगरानी समिति रजिस्टर, राशन कार्ड पंजी, पिला बोर्ड, स्टॉक बोर्ड, निगरानी समिति सदस्यों का बोर्ड, नहीं पाया गया। साथ ही दुकान में पास मशीन में दर्ज स्टॉक अनुसार गेहूं पीडीएस 79.34 क्विंटल व चावल 51.74 क्विंटल, शक्कर 0.82 क्विंटल, गेहूं आईसीडीएस-11.35 क्विंटल, गेहूं एमडीएम 35.33 क्विंटल, चावल एमडीएम 6.94 क्विंटल, चावल आईसीडीएस 3.16 क्विंटल कम पाया गया। अनियमितता के आधार पर संबंधित विक्रेता ममता पति जगसिंह मां भगवती स्व सहायता समूह सोनखेड़ी के खिलाफ न्यायालय अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) सेंधवा में प्रकरण दर्ज किया गया है। संबंधितों को कारण बताओ सूचना पत्र जारी कर प्रकरण में 9 जनवरी को पेशी की जाएगी।


