मिनी सचिवालय सभागार में राष्ट्रीय उपभोक्ता दिवस के अवसर पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान उपभोक्ता सप्ताह के तहत आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर डॉ. अंजली राजोरिया ने उपभोक्ता अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने और सरकार द्वारा चलाए जा रहे विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि उपभोक्ता अधिकारों का संरक्षण समाज में समानता और पारदर्शिता लाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। जिला रसद अधिकारी विनय शर्मा ने बताया कि 18 दिसंबर से उपभोक्ता सप्ताह की शुरुआत की गई थी। इस दौरान उपभोक्ताओं को जागरूक करने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। स्कूलों और कॉलेजों में क्विज, स्लोगन, रस्साकशी जैसी प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ। साथ ही विद्यार्थियों को उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम की जानकारी दी गई और जागरूकता रैलियां निकाली गईं। समापन समारोह में विद्यार्थियों का सम्मान राष्ट्रीय उपभोक्ता दिवस पर आयोजित समापन समारोह में उपभोक्ता सप्ताह के तहत उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को कलेक्टर द्वारा पारितोषिक प्रदान किए गए। इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों को उपभोक्ता अधिकारों के महत्व और उनके संरक्षण के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।


