लुधियाना| राहगीरों से मोबाइल फोन छीनने की वारदात में सक्रिय दो युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की जुपिटर स्कूटी और चार मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। पुलिस को गश्त और चेकिंग के दौरान सग्गू चौक के पास मुखबिर से सूचना मिली थी कि शुभम शर्मा और अमित कुमार मोबाइल स्नैचिंग की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। दोनों आरोपी चोरी की ग्रे रंग की जुपिटर स्कूटी पर इलाके में घूम रहे थे। सूचना के आधार पर पुलिस ने रोज गार्डन की तरफ नाकाबंदी की। इस दौरान दोनों आरोपियों को काबू कर लिया गया। तलाशी लेने पर उनके पास से चोरी की स्कूटी और चार मोबाइल फोन बरामद हुए। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी छीने गए मोबाइल फोन बेचने की फिराक में थे और आगे भी वारदात करने की तैयारी कर रहे थे।


