भास्कर न्यूज | अमृतसर पूर्व सांसद एवं पूर्व पंजाब भाजपा अध्यक्ष श्वेत मलिक ने कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी के नेतृत्व पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी द्वारा राहुल गांधी को नेता के रूप में स्थापित करने के असफल प्रयासों ने कांग्रेस को बर्बादी की कगार पर पहुंचा दिया है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को नेता कहा जाना ही सबसे बड़ी भूल है, क्योंकि एक सच्चा नेता वही होता है जिसमें नेतृत्व करने की क्षमता और गुण हों। श्वेत मलिक ने कांग्रेस नेताओं से सवाल करते हुए कहा कि क्या वे कोई एक भी ठोस उदाहरण प्रस्तुत कर सकते हैं, जिससे यह साबित हो सके कि राहुल गांधी एक औसत नेता भी बन सकते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी के कई गैर-जिम्मेदाराना और विवादित बयानों व कार्यों के कारण न केवल उनकी बल्कि पूरी कांग्रेस पार्टी की किरकिरी हुई है। मलिक ने कहा कि यह देश का दुर्भाग्य है कि ऐसे नेता को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष बनाया गया है, जिनके बयान कभी हिंदुओं को लेकर तो कभी सिख नेताओं के खिलाफ विवाद खड़े करते हैं। उन्होंने राहुल गांधी को मानसिक रूप से असंतुलित बताते हुए आरोप लगाया कि उनके आचरण और बयानों से देश और पार्टी दोनों की छवि को नुकसान पहुंचा है। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी द्वारा राहुल गांधी को कांग्रेस की कमान सौंपने के कारण कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता पार्टी छोड़ चुके हैं और कई अन्य पार्टी छोड़ने की तैयारी में हैं।


