रिम्स में चिकित्सकों की कमी दूर करने की प्रक्रिया एक बार फिर तेज हो गई है। पूर्व में नियमों को बदल कर 89 दिन के लिए एडहॉक आधारित सीनियर रेजिडेंट की नियुक्ति की जा रही थी, लेकिन प्रबंधन को उम्मीदवार नहीं मिल रहे थे। ऐसे में रिम्स प्रबंधन ने नियम को बदल कर पूर्व की तरह 3 साल के लिए ही सीनियर रेजिडेंट की नियुक्ति करने का फैसला लिया है। इसी के तहत शनिवार को विज्ञापन भी जारी कर दिया गया है। जिसके अनुसार, रिम्स के 53 विभागों में 191 पद पर नियुक्ति की जाएगी। इसके लिए 21 से 26 जुलाई तक वॉक इन इंटरव्यू की तिथि निर्धारित की गई है। एनेस्थिसिया विभाग में सर्वाधिक 14, मेडिसिन में 12 और रेडियोलॉजी में 10 समेत अन्य विभागों में नियुक्ति होनी है। इन विभागों के लिए इस तारीख को होगा इंटरव्यू… 21 जुलाई : मेडिसिन, इमरजेंसी मेडिसिन (ट्रॉमा), नेफ्रोलॉजी, कार्डियोलॉजी, साइकाइट्रिक, पीडियाट्रिक, नियोनेटोलॉजी, मेडिकल आंकोलॉजी, स्कीन और न्यूरोलॉजी। 22 जुलाई : सर्जरी, ऑर्थोपेडिक, न्यूरोसर्जरी, सीटीवीएस, सर्जरी (ट्रॉमा), न्यूरोसर्जरी (ट्रॉमा), ऑर्थोपेडिक (ट्रॉमा), प्लास्टिक सर्जरी, सर्जिकल आंकोलॉजी, पीडियाट्रिक सर्जरी। 23 जुलाई : एनेस्थिसिया, एनेस्थिसिया सुपरस्पेशियलिटी, कार्डियक एनेस्थिसिया (सुपरस्पेशियलिटी), ऑब्स एंड गायनी, ईएनटी, आई, रेडियोलॉजी व रेडियोलॉजी ट्रॉमा। 24 जुलाई : टीबी एंड चेस्ट, रेडियोथेरेपी, यूरोलॉजी, लैब मेडिसिन, ब्लड बैंक, क्रिटिकल केयर ट्रॉमा और क्रिटिकल केयर सुपरस्पेशियलिटी। 25 जुलाई : फार्माकोलॉजी, पीएसएम, पैथोलॉजी, एफएमटी, बायोकैमेस्ट्री, माइक्रोबायोलॉजी, फिजियोलॉजी और एनाटॉमी। 26 जुलाई : डेंटल कॉलेज के 8 विभागों के साथ हॉस्पिटल एडमिनिस्ट्रेशन के पद के लिए। रिम्स को सत्र 2025-26 के लिए एनएमसी से मिली मान्यता रांची | रिम्स को शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए नेशनल मेडिकल कमीशन (एनएमसी) से मान्यता मिल गई है। यह मान्यता हर वर्ष की तरह इस बार भी निर्धारित प्रक्रिया के तहत प्रदान की गई है। रिम्स प्रबंधन ने शुक्रवार को संस्थान की आधिकारिक वेबसाइट पर इस संबंध में सूचना जारी की है। एनएमसी की मान्यता के बाद अब संस्थान में एमबीबीएस समेत अन्य पाठ्यक्रमों में सीट के अनुरूप दाखिले की प्रक्रिया शुरू की जा सकेगी।


