जोधपुर शहर में मकान में चोरी की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही है। पुलिस कमिश्नरेट के विभिन्न थाना क्षेत्र में रविवार को भी मकान में चोरी के तीन मामले सामने आए। चोर सुने मकानों को निशाना बना रहे हैं। पहला मामला भगत की कोठी थाने में पूजा भाटी निवासी अफसर मेस के सामने शेर विलास कॉलोनी ने दर्ज कराया। बताया कि उनका संगम नगर बासनी प्रथम फेज में मकान है। यहां पर 18 जनवरी की रात अज्ञात चोर सोने की दो चैन, कान के चार आभूषण, 4 सोने की अंगूठियां, चांदी के बर्तन सहित घरेलू सामान और 53 हजार रुपए नगद चुरा कर ले गए। घटना के समय परिवार में रहने वाले लोग शादी समारोह में हिस्सा लेने के लिए गए थे। इसी का फायदा उठाकर चोरों ने मकान में वारदात को अंजाम दिया। दूसरा मामला देवनगर थाने में तरुण सोनी पुत्र अनिल सोनी ने दर्ज करवाया। बताया कि वह CA है और नाइयों की बगीची के सामने विनोद टावर के पास उनका मकान है। यहां पर 16 जनवरी की दोपहर 2 बजे से 17 जनवरी के बीच अज्ञात चोर उनके मकान के ताले तोड़कर घर में घुसे और घर में रखे नगद रुपए और सोने चांदी के आभूषण चुरा कर ले गए। तीसरा मामला प्रताप नगर थाने में कानाराम पुत्र जयरूप राम जाट निवासी गुरुओं का तालाब प्रताप नगर ने दर्ज करवाया। बताया कि हुडको क्वार्टर प्रताप नगर से 8 जनवरी को अज्ञात चोर स्कूल का गेट तोड़कर अंदर घुसे और कमरे में अलमारी से नगद रुपए और सोने के आभूषण भी चुरा कर ले गए।


