भास्कर न्यूज | जालंधर इनोसेंट हार्ट्स स्कूल में पहली बार एलुमिनाई मीट का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न बैचों के पूर्व छात्र–छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। “रीवाइंड, रिलिव, रीजॉयस” विषय पर आधारित यह एलुमिनाई मीट अपने नाम की भावना को पूरी तरह साकार करती नजर आई। वर्षों बाद एक-दूसरे से मिलने पर परिसर हंसी, आत्मीयता और अपनत्व से गूंज उठा। पुराने मित्रों और शिक्षकों से मिलकर पूर्व छात्र-छात्राएं यादों की गलियों में खो गए और बीते सुनहरे पलों को फिर से जीया। कार्यक्रम के दौरान आर्सा लाइव बैंड और द फ़्रीक्वेंसी बैंड की संगीतमय प्रस्तुतियों ने माहौल को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस विशेष अवसर पर गायिका ज्योतिका तांगड़ी और अभिनेता परमवीर चीमा की उपस्थिति ने समारोह में चार चांद लगा दिए। अपने साथियों और प्रिय शिक्षकों से मिलकर कई पूर्व छात्र भावुक होते नजर आए। इस मौके पर एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर स्कूल्स शैली बौरी तथा एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर कॉलेज आराधना बौरी ने एलुमिनाई के साथ भावनात्मक क्षण साझा किए। वहीं ग्रुप के चेयरमैन डॉ. अनूप बौरी ने पूर्व छात्रों से मिलकर अत्यंत प्रसन्नता व्यक्त की और उन्हें सहृदय आशीर्वाद दिया। उन्होंने एलुमिनाई को आत्मविश्वास, ईमानदारी और स्पष्ट उद्देश्य के साथ जीवन में निरंतर प्रगति करते हुए नई ऊंचाइयां छूने के लिए प्रेरित किया। यह एलुमिनाई मीट यादों, प्रेरणा और रिश्तों को सहेजने का एक अविस्मरणीय अवसर बन गई।


