रीवा में डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल ने जिले में चल रहे शासकीय निर्माण कार्यों की समीक्षा की। शुक्रवार शाम कलेक्टर प्रतिभा पाल की मौजूदगी में उन्होंने राज निवास सर्किट हाउस में विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक की। जहां उन्होंने संयुक्त कार्यालय के निर्माण सहित सिविल लाइन में 155 विभिन्न श्रेणी के शासकीय आवास गृहों और नवीन बीएड कॉलेज निर्माण, डाइट में हॉस्टल निर्माण, प्राथमिक शाला निर्माण, कोठी कंपाउंड में महिला हाट-बाजार निर्माण वा पॉलिटेक्निक कॉलेज में अतिरिक्त भवन निर्माण कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने मनगवां स्थित मलकपुर तालाब के सौंदर्यीकरण के काम का भी जायजा लिया। डिप्टी सीएम ने निर्देश दिए कि प्रस्तावित कार्यों की स्वीकृति जल्द करें। हिनौती और बसामन मामा गोवंश वन्य विहार के शेष कामों को जल्द से जल्द पूरा करें। जानकारी के मुताबिक प्रयागराज-महाकुंभ से होकर कई बड़े संतों का बसामन मामा गोवंश वन्य विहार में आना प्रस्तावित है। जिसकी वजह से भी जल्द काम पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष नीता कोल, विधायक मनगवां इंजी नरेंद्र प्रजापति, कलेक्टर प्रतिभा पाल, नगर निगम अध्यक्ष व्यंकटेश पाण्डेय, पूर्व विधायक श्यामलाल द्विवेदी, जनपद अध्यक्ष विकास तिवारी, राजेश पांडेय सहित संबंधित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।


