रीवा में शराब दुकानें नियमों को ताक पर रखकर रात भर खुली हैं। ताजा मामला अमहिया क्षेत्र से सामने आया है, जहां एक शराब दुकान पर आधी रात को आधा शटर गिराकर शराब बेचने का वीडियो सामने आया है। नियम के मुताबिक रात 11 बजे दुकानें बंद होनी चाहिए, लेकिन यहां बेरोकटोक बिक्री जारी है। इस पर आबकारी विभाग ने चुप्पी साध रखी है। जानकारी के मुताबिक, अमहिया क्षेत्र की दुकान में शटर आधा गिराकर देर रात तक बोतलें बाहर थमाई जा रही थीं और पैसे अंदर लिए जा रहे थे। कैमरे में कैद हुआ यह पूरा लेन-देन साफ दिखाता है कि दुकान बंद होने का समय बीत जाने के बाद भी बिक्री बेरोकटोक जारी थी। रात 11 बजे की डेडलाइन, फिर भी खुली दुकानें
नियमों के अनुसार शहर की शराब दुकानें रात 11 बजे तक बंद होना अनिवार्य है। लेकिन कई दुकानों में आधी रात के बाद गुप्त बिक्री आम बात बन चुकी है। इससे न सिर्फ कानून-व्यवस्था प्रभावित हो रही है, बल्कि आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। रहवासी परेशान: बढ़ रहे झगड़े, कागजों में सिमटे नियम
स्थानीय लोगों का कहना है कि देर रात शराब बिक्री से झगड़े और अपराधिक घटनाएं बढ़ जाती हैं। विभाग की ओर से रात में निरीक्षण या कार्रवाई शायद ही कभी देखने को मिलती है। अमहिया में कैमरे में कैद हुई यह गतिविधि बताती है कि शहर में नियमों का पालन सिर्फ कागजों तक सीमित रह गया है। उधर, इस पूरे मामले में आबकारी विभाग और जिम्मेदार अधिकारी चुप्पी साधे हुए हैं। उनकी तरफ से अब तक कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।


