भास्कर संवाददाता | सीहोर जिला मुख्यालय के समीप चितावलिया हेमा स्थित निर्माणाधीन मुरली मनोहर एवं विट्ठलेश महादेव मंदिर में हर साल आयोजित होने वाले रुद्राक्ष महोत्सव को लेकर इस साल भी व्यापक तैयारियां शुरू हो गई हैं। फरवरी 2026 में आयोजित होने वाले इस सात दिवसीय दिव्य आयोजन की तैयारियां प्रशासन और विट्ठलेश सेवा समिति द्वारा कुंभ मेला स्तर पर की जा रही हैं। समिति के अनुसार, हर साल लाखों श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं। भीड़ को देखते हुए हजारों वाहनों के लिए विशाल पार्किंग स्थल का निर्माण, अस्थायी बस स्टैंड, ऑटो स्टैंड और कई नई सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। 10 एकड़ में भोजनशाला बनाई जा रही: कथा स्थल पर हजारों स्क्वायर फीट में स्थायी पंडाल भी बनाया जा रहा है, जो आने वाले दिनों में पूरा हो जाएगा। यह पंडाल इतना विशाल और आकर्षक होगा कि बड़ी संख्या में श्रद्धालु आराम से बैठ सकेंगे और बारिश व धूप से भी सुरक्षित रहेंगे। कथा वाचक पंडित प्रदीप मिश्रा इन दिनों दंतेवाड़ा (छत्तीसगढ़) में कथा प्रवचन कर रहे हैं और उनके निर्देशानुसार समिति यहां की सभी तैयारियां निरंतर कर रही है। इसके तहत श्रद्धालुओं को प्रसादी वितरण के लिए 10 एकड़ से अधिक क्षेत्र में विशाल भोजनशाला बनाई जा रही है, जहां आधुनिक रसोई में तैयार भोजन लगातार उपलब्ध रहेगा। 14 फरवरी 2026 से शुरू होने वाले इस सात दिवसीय महोत्सव के लिए प्रशासन भी सक्रिय है। पुलिस, राजस्व विभाग सहित कई विभागों ने स्थल का निरीक्षण कर मार्ग एवं यातायात व्यवस्था, पार्किंग, रोड डायवर्जन प्लान, बस व्यवस्थाएं, एलईडी स्क्रीन, भीड़ प्रबंधन, पानी, फायर, बिजली, पीए सिस्टम, कुबेरेश्वरधाम में प्रवेश एवं निकासी मार्ग आदि का निरीक्षण किया था। अधिकारियों ने कुबेरेश्वरधाम परिसर, पुलिस कंट्रोल रूम, पार्किंग, कथा स्थल, अस्पताल, भोजनशाला आदि का दौरा कर समिति सदस्यों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।


