भास्कर न्यूज| अमृतसर निगम द्वारा करीब 40 करोड़ रुपए की लागत से श्री दरबार साहिब की ओर जाती महासिंह रोड, शेरांवाला गेट, घी मंडी और रामसर रोड का निर्माण अगले हफ्ते से शुरू कराया जाएगा। हेरिटेज लुक में बनाए जाने को लेकर ड्राइंग फाइनल की जा चुकी है। श्री गुरु तेग बहादर साहिब जी की शहीदी वर्षगांठ मनाने के लिए 25 नवंबर तक काम रोका गया था। चूंकि सड़कों की खुदाई नहीं की जा सकती थी। बता दें कि करीब साढ़े चार किमी सड़क बनाई जानी है। जिसमें करीब 11 सड़कें आएंगी जो अलग-अलग जगहों को निकलती हैं। रेडियल रोड के निर्माण को लेकर सारी प्रक्रियाएं पूरी की जा चुकी हैं। यह प्रोजेक्ट करीब डेढ़ साल में पूरा कराया जाना है। खास बात यह है कि सड़कों की चौड़ाई को बढ़ाया जाएगा और सड़कों के ऊपर कोई भी बिजली व अन्य तार नजर नहीं आएगी। सभी तारें अंडरग्राउंड की जाएंगी। लाइटिंग के अलावा चारों सड़कों के दोनों ओर सभी बिल्डिंगों पर पंजाब के सभ्याचार की चित्रकारी करवाया जाना है। यह काम कंपलीट होने के बाद टूरिस्टों के लिए आकर्षण का केंद्र बनने के अलावा फुटफॉल बढ़ने से कारोबारियों के लिए काफी राहत भरा होगा। सेंट्रल हलका के विधायक डॉ. अजय गुप्ता ने बीते 12 अक्टूबर को प्रोजेक्ट का शुभारंभ किया था। पिछले 2 सालों से इस प्रोजेक्ट पर काम चल रहा था। लेकिन कई तरह की अड़चनें आने के कारण टेंडरिंग प्रक्रिया ही पूरी नहीं हो पा रही थी।


