रेत माफिया के 2 गुटों में फायरिंग:डायल-112 वाहन के कांच तोड़े… आरक्षक को पीटा; पिछोर टीआई लाइन अटैच

पिछोर थाना क्षेत्र के कालिंद्री मुख्य मार्ग पर सोमवार सुबह रेत माफिया के दो गुटों के बीच वर्चस्व को लेकर गैंगवार हो गई। अवैध रेत से भरे ट्रैक्टर को रोकने और रॉयल्टी विवाद को लेकर शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते फायरिंग में बदल गई। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर जमकर गोलियां चलाईं। हालात बेकाबू होते देख मौके पर पहुंची पुलिस टीम पर भी माफिया ने हमला कर दिया। हमलावरों ने आरक्षक के साथ मारपीट की, उसका मोबाइल छीना और डायल-112 वाहन के कांच तोड़ दिए। फायरिंग में राकेश यादव पक्ष के हरेंद्र जाट और मंजीत सरदार को गोली लगी, दोनों गंभीर रूप से घायल हैं। सूचना मिलने पर एडिशनल एसपी देहात जयराज कुबेर मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ अलग-अलग मामले दर्ज किए हैं। एक पक्ष के 6 आरोपियों पर हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया गया है, जिनमें से 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना के बाद पिछोर थाना प्रभारी बलजिंदर ढिल्लन को लाइन अटैच कर दिया गया । फायरिंग तक कैसे पहुंचा विवाद भगेह निवासी हरेंद्र जाट और राकेश यादव दोनों साथी हैं। रेत का कारोबार करते हैं। वहीं यज्ञेय यादव भी इसी धंधे से जुड़ा है। हरेंद्र जाट का छोटा भाई छोटू जाट रेत ठेका कंपनी की फ्लाइंग स्क्वायड टीम में वाहनों की रॉयल्टी जांच का काम करता है। सोमवार को जब छोटू जाट ने यज्ञेय यादव के ट्रैक्टर को रोककर रॉयल्टी की रसीद मांगी, तो विवाद बढ़ गया और मामला फायरिंग तक पहुंच गया। वारदात की सूचना पर जब एफआरवी डायल-112 मौके पर पहुंची, तो आरोपियों ने पुलिस पर ही हमला कर दिया। घटना का वीडियो बना रहे आरक्षक सत्येंद्र का मोबाइल छीना। आरक्षक के साथ मारपीट की। पथराव कर पुलिस वाहन के शीशे तोड़े। स्थिति बिगड़ने पर अतिरिक्त पुलिस बल को बुलाना पड़ा। घटना की गंभीरता को देखते हुए एडिशनल एसपी देहात जयराज कुबेर स्वयं पिछोर पहुंचे और मौके का निरीक्षण किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *