दी जैक्सन क्रेडिट कोऑपरेटिव सोसाइटी लिमिटेड के निदेशक पद के चुनाव में उत्तर पश्चिम रेलवे के जयपुर और अजमेर से जुड़े चारों पदों पर एनडब्ल्यूआरयू और एससी-एसटी एसोसिएशन के संयुक्त मोर्चे ने जीत दर्ज की है। इस चुनाव में यूपीआरएमएस के उम्मीदवारों को सभी सीटों पर हार का सामना करना पड़ा। जयपुर से नर्सिंग सुपरिटेंडेंट सुरेंद्र सिंह बधाला और एमसीएम सुभाष मीना निदेशक चुने गए हैं, जबकि अजमेर से प्रवीण नाम्बियार और महेश चौधरी ने जीत हासिल की है।
जयपुर से सुरेंद्र सिंह बधाला को 3137 और सुभाष मीना को 2880 वोट मिले। वहीं अजमेर से प्रवीण नाम्बियार को 2751 और महेश चौधरी को 2552 मत मिले। जयपुर में संयुक्त मोर्चे को करीब दो तिहाई वोट मिले, जबकि अजमेर में करीब 53 प्रतिशत अंशधारकों ने समर्थन दिया। कुल 19 निदेशक पदों में से संयुक्त मोर्चे के 12 उम्मीदवारों के जीतने से बोर्ड बनना लगभग तय माना जा रहा है।
पहली बार यूनियन और एसोसिएशन ने साथ लड़ा चुनाव रेल मामलों के जानकार गिरीश चतुर्वेदी ने बताया कि यह पहला मौका था जब एनडब्ल्यूआरयू और एससी-एसटी एसोसिएशन ने एक साथ मिलकर चुनाव लड़ा। दोनों संगठनों के लिए यह चुनाव अहम माना जा रहा था। इस चुनाव में पश्चिम रेलवे, उत्तर पश्चिम रेलवे और पश्चिम मध्य रेलवे के 9 मंडल, 5 कारखानों और 2 प्रधान कार्यालयों के करीब 91.50 हजार अंशधारकों और रेलकर्मियों ने मतदान कर 19 निदेशकों का चयन किया।
चतुर्वेदी ने बताया कि पूरे चुनाव के दौरान यूनियन के मंडल अध्यक्ष के.एस. अहलावत, मंडल मंत्री राकेश यादव और एसोसिएशन के मंडल अध्यक्ष डीसीएमआई रामबाबू गौतम व मंडल मंत्री सीएलआई विनोद मीना ने मंडल के सभी स्टेशनों और शाखाओं में जाकर रेलकर्मियों से संपर्क किया। उन्होंने बताया कि पहली बार दोनों संगठनों ने संयुक्त उम्मीदवार उतारे, जिससे वोट बंटा नहीं और इसका सीधा असर नतीजों में देखने को मिला। संयुक्त मोर्चे की ओर से जुलूस निकाला गया बोर्ड के पदों के लिए चुनाव 5 जनवरी को मुंबई में होंगे। चुनाव अधिकारी और डीपीओ अनुराज गुप्ता ने सभी विजयी उम्मीदवारों को जीत का प्रमाण पत्र दिया। जीत के बाद संयुक्त मोर्चे की ओर से जुलूस निकाला गया, जिसमें कर्मचारी नेता मुकेश माथुर, बी.एल. बैरवा, के.एस. अहलावत, रामसिंह, राकेश यादव, रामबाबू गौतम, विनोद मीना, राजेश वर्मा, घासीराम नरेडिया, देशराज सिंह, गोपाल चौधरी, विशाल परवानी और हेमंत शर्मा सहित यूनियन और एसोसिएशन के पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस दौरान रेलकर्मियों का आभार भी जताया गया।


