भास्कर न्यूज |जामताड़ा झारखंड के स्वास्थ्य, खाद्य आपूर्ति एवं आपदा प्रबंधन मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने राज्य में संचालित सभी रूफटॉप बार, रेस्टोरेंट और होटलों की फायर सेफ्टी व संरचनात्मक सुरक्षा की सख्त जांच का आदेश जारी किया है। उन्होंने कहा कि जनता की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी जिलों को 7 दिनों के भीतर विस्तृत जांच रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया है। मंत्री ने सभी बार-रेस्टोरेंट संचालकों को किचन की नियमित सफाई, गैस पाइपलाइन व चिमनी सिस्टम की तकनीकी जांच, तथा फायर सेफ्टी उपकरणों और इमरजेंसी एग्जिट को हर समय कार्यशील रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली सरकार पूरी तरह सतर्क है और लापरवाही पाए जाने पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी। गोवा दुर्घटना में झारखंड के तीन युवकों की मौत पर दुख व्यक्त करते हुए डॉ. अंसारी ने प्रधानमंत्री से प्रत्येक मृतक परिवार को ₹1 करोड़ मुआवजे की मांग की। साथ ही उन्होंने गोवा सरकार से पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की। मंत्री ने कहा कि वे स्वयं मुख्यमंत्री से मिलकर मृतकों के परिजनों को राज्य स्तरीय सहायता दिलाने का प्रयास करेंगे।उन्होंने कहा कि झारखंड सरकार अलर्ट मोड में है और जनता की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।


