भास्कर न्यूज| चाईबासा पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में चल रही 9वीं अशोक कुमार जैन जिला नॉक आउट क्रिकेट प्रतियोगिता के अंतर्गत दो दिन के विश्राम के बाद गुरुवार को खेले गए मैच में चक्रधरपुर की लक्ष्मण गिलुआ क्रिकेट क्लब की टीम ने प्रताप क्रिकेट क्लब चाईबासा को छह विकेट से पराजित कर अगले चक्र में प्रवेश किया। अब प्री क्वार्टर फाइनल में इसका मुकाबला लार्सन क्लब चाईबासा से 11 जनवरी को होगा। चाईबासा के बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम मैदान पर खेले गए इस मैच में टॉस लक्ष्मण गिलुआ क्रिकेट क्लब के कप्तान विवेक चौरसिया ने जीता तथा विपक्षी टीम को पहले बल्लेबाजी का न्यौता दिया। उनका यह निर्णय सही साबित हुआ जब प्रताप क्रिकेट क्लब की पूरी टीम 23.1 ओवर में मात्र 103 रन बनाकर ढेर हो गई। इस टीम की ओर से अनिश कुमार दास ने तीन चौके एवं एक छक्का की मदद से सर्वाधिक 24 रन बनाए। अन्य बल्लेबाजों में राज सिंह ने 21 तथा चंदन ने 10 रनों का योगदान दिया। अन्य कोई भी बल्लेबाज दहाई अंक तक नहीं पहुंच पाया। लक्ष्मण गिलुआ क्रिकेट क्लब की ओर से अंकित मिश्रा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए मात्र 20 रन देकर पांच विकेट चटकाए। अमिनेश सिंह को दो सफलता हाथ लगी जबकि विवेक चौरसिया, राज तिग्गा एवं अजय प्रधान को एक-एक विकेट प्राप्त हुआ। जीत के लिए निर्धारित लक्ष्य का पीछा करने उतरी लक्ष्मण गिलुआ क्रिकेट क्लब की टीम ने 14.3 ओवर में चार विकेट के नुकसान पर 106 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया। हलांकि लक्ष्मण गिलुआ क्रिकेट क्लब के चार विकेट मात्र 50 रन के स्कोर पर ही गिर गए थे। छठे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए सौरभ गुप्ता ने मात्र बारह गेंदों पर छह छक्के की मदद से ताबड़तोड़ 41 नाबाद रन बनाकर जीत को आसान बना दिया। सौरभ ने उद्घाटक बल्लेबाज ललित सिंह भोज के साथ मिलकर पांचवें विकेट के लिए 56 रनों की नाबाद साझेदारी निभाकर टीम को जीत दिला दी। ललित सिंह भोज ने छह चौकों की सहायता से 38 रन बनाया और अंत तक आउट नहीं हुए। प्रताप क्रिकेट क्लब की ओर से अमन पासवान ने 29 रन देकर दो विकेट हासिल किए। प्रतीक अग्रवाल एवं अनिश कुमार दास को एक-एक सफलता हाथ लगी। अशोक कुमार जैन जिला नॉक आउट क्रिकेट प्रतियोगिता में शुक्रवार को स्टूडेंट क्लब चाईबासा का मुकाबला जगन्नाथपुर क्रिकेट क्लब से होगा।


