लक्ष्य से पीछे रहे 2 प्रखंड, पदाधिकारी का वेतन रोकने का निर्देश

भास्कर न्यूज | लातेहार उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता ने गुरुवार को आपूर्ति विभाग की योजनाओं की समीक्षा बैठक की। उन्होंने अप्रैल और मई में एनएफएसए के तहत खाद्यान्न वितरण की स्थिति की जानकारी ली। लातेहार और बरवाडीह प्रखंड में लक्ष्य के अनुसार खाद्यान्न का वितरण नहीं होने पर प्रभारी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों पर नाराजगी जताई। दोनों का वेतन स्थगित करने का निर्देश दिया। साथ ही सुधार लाने की भी चेतावनी दी। उपायुक्त ने कहा कि खाद्यान्न के उठाव और वितरण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने जिला आपूर्ति पदाधिकारी को खाद्यान्न का उठाव और वितरण समय पर कराने, पीवीटीजी परिवारों को डाकिया योजना का लाभ समय पर देने और शत-प्रतिशत लाभुकों को योजना का लाभ मिले, इसे सुनिश्चित कराने, बीएसओ और डीएसओ लॉगिन में लंबित मामलों का जल्द निष्पादन करने के निर्देश दिए। वही राशन कार्ड धारकों की ई-केवाइसी की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने जिले के सभी लाभुकों की समय पर ई-केवाइसी कराने के निर्देश दिए। बैठक में जन वितरण प्रणाली की दुकानों, मुख्यमंत्री दाल-भात योजना, धान अधिप्राप्ति और भुगतान, चना दाल वितरण योजना, पीजीएमएस शिकायत, सुसुप्त राशन कार्ड समेत अन्य योजनाओं की भी समीक्षा की और जिला आपूर्ति पदाधिकारी को कई निर्देश दिए। बैठक में जिला आपूर्ति पदाधिकारी रश्मि लकड़ा, जनसेवक समेत अन्य संबंधित पदाधिकारी व कर्मी बैठक में मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *