फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर लड़की के अश्लील फोटो वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर करने के मामले में एक आरोपी को जालोर साइबर थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है। साइबर थाना प्रभारी बाबूलाल जांगिड ने बताया- पीड़िता के पिता 1 अक्टूबर 2024 को बागरा थाने में लिखित रिपोर्ट दी थी। इसमें बताया था कि सांचौर थाना क्षेत्र के सुरावा गांव निवासी पन्ने सिंह (24) पुत्र स्वरूप सिंह राजपूत ने पीड़िता की फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाई। इसके बाद लड़की के अश्लील फोटो व चैट्स शेयर कर प्रताड़ित किया। मामले में जांच शुरू कर फेक आईडी के सम्बन्ध में तकनीकी साक्ष्य जुटाकर पुलिस ने जांच की। जांच में पाया गया कि पन्ने सिंह ने अपने मोबाइल से फर्जी आईडी बनाई थी। उसी ने लड़की के फोटो व अन्य अश्लील तस्वीरें, चैट, मैसेज शेयर किए थे। वारदात के बाद से आरोपी फरार था। पुलिस ने पन्ने सिंह को सांचौर से गिरफ्तार किया। कार्यवाही करने वाली टीम में साइबर थानाधिकारी बाबूलाल जांगिड, हेड कॉन्स्टेबल मोहनलाल, भंवरलाल, कॉन्स्टेबल ललित चौधरी व अशोक कुमार रहे।


