लाडली बहना योजना के फॉर्म भरने की अफवाह:कटनी कलेक्ट्रेट में उमड़ी महिलाओं की भीड़; कलेक्टर बोले- नए फॉर्म नहीं भरे जा रहे

कटनी जिले में ‘लाडली बहना योजना’ को लेकर फैली एक अफवाह ने प्रशासन की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। पिछले चार दिनों से कलेक्ट्रेट कार्यालय में महिलाओं का तांता लगा हुआ है। दूर-दराज के गांवों और शहर के कोनों से बड़ी संख्या में महिलाएं इस उम्मीद में पहुंच रही हैं कि योजना के नए फॉर्म भरे जा रहे हैं या फिर मिलने वाली राशि बढ़ाई जा रही है। शुक्रवार को भी करीब 500 से ज्यादा महिलाएं अपने आवेदन लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचीं। चार दिनों में आए 10 हजार से ज्यादा आवेदन मंगलवार से शुरू हुआ महिलाओं के आने का यह सिलसिला रुकने का नाम नहीं ले रहा है। पिछले चार दिनों के भीतर प्रशासन को 10,000 से अधिक आवेदन मिल चुके हैं। महिलाओं के बीच यह बात फैल गई है कि सरकार दोबारा नए रजिस्ट्रेशन शुरू कर रही है। इसी भ्रम के चलते महिलाएं घर का काम छोड़कर सुबह से ही कलेक्ट्रेट की लाइनों में खड़ी हो रही हैं। कलेक्टर बोले- नए फॉर्म नहीं भरे जा रहे बढ़ती भीड़ और भ्रम की स्थिति को देखते हुए कलेक्टर आशीष तिवारी ने जनता से खास अपील की है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में लाडली बहना योजना के नए रजिस्ट्रेशन या फॉर्म भरने का कोई काम नहीं चल रहा है। उन्होंने बताया कि इस योजना का लाभ केवल उन्हीं महिलाओं को मिल रहा है जिनका नाम पहले से पोर्टल पर दर्ज है। राशि बढ़ाने को लेकर भी फिलहाल पोर्टल पर ऐसा कोई विकल्प मौजूद नहीं है। कलेक्टर ने बताया कि प्रशासन की कोशिश रहती है कि दूर से आई किसी भी महिला को खाली हाथ या निराश होकर न लौटाया जाए। इसी वजह से जो महिलाएं आवेदन लेकर आ रही हैं, उनके फॉर्म ले लिए जा रहे हैं ताकि उन्हें तसल्ली रहे, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि नए रजिस्ट्रेशन शुरू हो गए हैं। अफवाहों से दूर रहने की सलाह प्रशासन ने महिलाओं से आग्रह किया है कि वे किसी के भी बहकावे में न आएं। सरकार की ओर से नए फॉर्म भरने का कोई आधिकारिक आदेश नहीं आया है। कलेक्ट्रेट में उमड़ रही यह भीड़ केवल सही जानकारी न होने और गलत खबरों का नतीजा है। कलेक्टर ने अपील की है कि बेवजह परेशान न हों और केवल आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करें।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *