लाड़ली बहनों वाले बयान पर मंत्री शाह का पुतला जलाया:देवास में महिला कांग्रेस इस्तीफा मांगा; बोलीं- योजना महिलाओं का अधिकार

देवास में बुधवार शाम को महिला कांग्रेस ने भाजपा सरकार के मंत्री विजय शाह के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन लाडली बहना योजना की लाभार्थी महिलाओं को लेकर मंत्री शाह द्वारा की गई कथित टिप्पणी और धमकी के विरोध में आयोजित किया गया था। मध्यप्रदेश महिला कांग्रेस के आह्वान पर, शहर महिला कांग्रेस अध्यक्ष रीना गालोदिया के नेतृत्व में कांग्रेसजन माँ चामुण्डा कॉम्प्लेक्स परिसर में एकत्रित हुए। यहां से वे इंदिरा गांधी प्रतिमा चौराहा पहुंचे, जहां उन्होंने मंत्री विजय शाह का पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शन के दौरान “विजय शाह मुर्दाबाद”, “तानाशाही नहीं चलेगी” और “महिलाओं के सम्मान में कांग्रेस मैदान में” जैसे नारे लगाए गए। महिला कांग्रेस ने आरोप लगाया कि मंत्री विजय शाह ने कथित तौर पर यह बयान दिया है कि जो लाडली बहनें मुख्यमंत्री का सम्मान नहीं करेंगी, उनकी पात्रता की जांच कराई जाएगी और सहायता राशि बढ़ाने पर रोक लगा दी जाएगी। कांग्रेस ने इस बयान को महिलाओं का अपमान और लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ बताया। प्रदर्शनकारी महिला नेताओं और कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए मंत्री विजय शाह से तत्काल इस्तीफे की मांग की। महिला नेताओं ने जोर देकर कहा कि लाडली बहना योजना महिलाओं का अधिकार है और इसे राजनीतिक दबाव या धमकी का माध्यम नहीं बनाया जा सकता। इस अवसर पर बड़ी संख्या में वरिष्ठ कांग्रेस नेता, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *