भास्कर न्यूज | लातेहार पलामू डीआईजी वाईएस रमेश ने लातेहार थाना प्रभारी प्रमोद कुमार सिन्हा को निलंबित कर दिया है। उसके स्थान पर दुलारी चौड़े को थाना प्रभारी बनाया गया है। शुक्रवार की शाम ही नवनियुक्त थाना प्रभारी दुलारी चौड़े ने योगदान भी ले लिया। इसकी पुष्टि लातेहार एसपी कुमार गौरव ने की है। बताया जा रहा है कि गुरुवार की रात सदर थाना क्षेत्र के उलगड़ा गांव में पुल निर्माण कार्य में लगे मुंशी बाल गोविंद प्रसाद कि उग्रवादियों द्वारा हत्या करने के बाद पलामू डीआईजी ने यह कार्रवाई की है। इधर, पलामू डीआईजी की कार्रवाई से जिले के अन्य पुलिस पदाधिकारी में हड़कंप मच गई है। इन दिनों जिलों में आपराधिक घटनाओं में काफी वृद्धि आई है। जिसे रोकने में पुलिस प्रशासन नाकाम साबित हो रही है। लातेहार| सदर थाना क्षेत्र के उलगड़ा के पास उग्रवादियों ने पुल निर्माण कार्य में मुंशी की हत्या मामले में झारखंड संघर्ष जन मुक्ति मोर्चा के प्रदीप गंझू समेत 8 अज्ञात उग्रवादियों के विरुद्ध प्राथमिक की दर्ज की गई है। इसकी जानकारी थाना प्रभारी दुलारी चौड़े ने दी। उन्होंने बताया कि घटना के बाद मृतक के बेटा प्रदीप साहू के आवेदन पर लातेहार थाना मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि उग्रवादियों की धर पकड़ के लिए छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। लातेहार| दुलारी चौड़े ने लातेहार थाना प्रभारी के रूप में अपना योगदान दे दिया है। दुलारी चौड़े लातेहार ही नहीं जिले की पहली महिला थाना प्रभारी है। जिन्होंने लातेहार में थाना प्रभारी के रूप में योगदान दिया है। इससे पहले जिले के किसी भी थाने में महिला थानेदार की पदस्थापना नहीं हुई है। हालांकि जिले के महिला थाना में महिला थाना प्रभारी की नियुक्ति हुई है। योगदान देने के बाद दुलारी चौड़े ने बताया कि नक्सली व अपराधी लातेहार के लिए चुनौती है। इसे खत्म करना मेरी पहली प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने आगे कहा कि थाना में पेंडिंग केस के निपटारे में तेजी लाई जाएगी।


