श्रावस्ती के भिनगा कोतवाली क्षेत्र के मध्यनगर गांव में बीते बुधवार को चार वर्षीय मासूम हिमांशी अचानक खेलते-खेलते घर से लापता हो गई थी। परिजनों ने बच्ची की हर जगह तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। मासूम के पिता, जो कि रिक्शा चालक हैं, घर लौटकर बच्ची की तलाश में जुट गए। उन्होंने आसपास के गांवों में भी खोजबीन की, लेकिन रात 12 बजे तक भी बच्ची का कोई पता नहीं चला। गुरुवार सुबह घर से कुछ दूर एक गड्ढे में बच्ची की टोपी दिखाई दी। जब परिजनों ने गड्ढे में जाकर देखा, तो वहां मासूम हिमांशी का शव मिला। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली भिनगा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। परिजनों का आरोप है कि मनरेगा योजना के तहत बनी सड़क की पटाई के लिए खोदा गया गड्ढा बारिश के पानी से भर गया था, जिसमें डूबने से बच्ची की मौत हो गई। दर्दनाक हादसे से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।


