रांची | लालपुर थाना क्षेत्र में शनिवार की देर रात लूटपाट का विरोध करना एक बुजुर्ग की जान पर भारी पड़ गया। गुलमोहर पार्क के पास हुई इस वारदात में हमलावरों ने बुजुर्ग मधेश्वर सिंह को इतनी बेरहमी से पीटा कि उनकी मौत हो गई, जबकि उनके बेटे अंकित सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। मधेश्वर सिंह धोबीघाट के रहने वाले थे। वे अपने बेटे अंकित के साथ जा रहे थे। इसी दौरान बदमाशों ने झीपाकोचा के पास उनसे लूटपाट शुरू कर दी। विरोध करने पर बदमाशों ने हाथ में पहने कड़े से उनके सिर पर प्रहार किया, जिससे उनकी मौत हो गई। उनके बेटे अंकित को नाक व सिर पर गंभीर चोट लगी है। बुजुर्ग की मौत के बाद आक्रोशित लोगों ने रविवार की दोपहर शव के साथ लालपुर चौक को एक घंटे के िलए जाम कर दिया। पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया। जाम कर रहे लोगों का कहना था कि जल्द आरोपी को गिरफ्तार किया जाए। पुलिस ने कहा कि दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य की तलाश जारी है।


