बीते 30 मई को चंद्रपुरा स्टेशन से निकले कोलकाता स्थित भुईकैलाश रोड निवासी हसनैन आलम को लिफ्ट देने के नाम पर अपने बाइक में बैठाया और सुनसान सड़क पर ले जाकर लूट कांड को अंजाम दिया, इस दौरान वहां पहले से घात लगाये बैठे उसके अन्य साथी भी थे। चाकू दिखाकर आईफोन के अलावा कुछ नकदी आदि की भी लूट कर ली थी। घटना के बाद पीड़ित व्यक्ति चंद्रपुरा थाना पहुंचा और इसकी शिकायत की। मामले में 4 अपराधियों को पकड़ा गया है। उक्त जानकारी रविवार को बोकारो एसपी हरविंदर सिंह ने अपने कार्यालय में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में दी। उन्होंने बताया कि पकड़े गए अपराधियों में नंदुवास्थान चीराचास निवासी प्रिंस कुमार व रोहित कुमार ठाकुर, सेक्टर 12 आवास संख्या 2020 निवासी अमित सिंह और माराफारी निवासी विक्की पाठक शामिल है। सभी यहां से चंद्रपुरा सहित अन्य क्षेत्र जाते थे और लिफ्ट देने के बहाने सुनसान जगह पर ले जाकर लोगों से लूटपाट किया करते थे। वहीं कांड में शामिल एक अन्य अपराधी की गिरफ्तारी अभी बाकी है, जोकि फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने दो बाइक, चार मोबाइल, लूटा हुआ आईफोन और दो चाकू बरामद किया है। प्रेस कांफ्रेंस में जानकारी देते हैं एसपी व अन्य।


