कैंट स्टेशन पर गुरुवार को गाड़ी संख्या 12358 दुर्गियाना एक्सप्रेस के एस-6 कोच में यात्रा कर रही एक महिला ने ट्रेन में बच्चे को जन्म दिया। आरपीएफ इंस्पेक्टर रविंद्र सिंह ने बताया कि 1 जनवरी 2026 को सुबह करीब 10:10 बजे स्टेशन मास्टर सुनील गुप्ता ने आरपीएफ को सूचना दी कि ट्रेन संख्या 12358 के एस-6 कोच में एक महिला यात्री को मेडिकल सहायता की आवश्यकता है। एसआई कविता, एएसआई संजीव, महिला कांस्टेबल रेनू और पूजा रानी तुरंत मौके पर पहुंचे। ट्रेन के अम्बाला कैंट स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर-2 पर पहुंचते ही आरपीएफ टीम ने एस-6 कोच में सीट नंबर 18/19 पर यात्रा कर रहे दंपती देवी शंकर और उनकी पत्नी ज्योति देवी (उम्र 26 वर्ष) को अटेंड किया। दंपती बिहार के रोहतास जिले के कांचवा कस्बे के सोहड़ा गांव का रहने वाला है। ये लुधियाना से सासाराम जा रहे थे। मौके पर ही महिला स्टाफ की मदद से सुरक्षित डिलीवरी करवाई गई। महिला ने एक स्वस्थ पुत्र को जन्म दिया। सूचना पर डॉ. गीतू और डॉ. उर्मिल मेडिकल स्टाफ के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने जच्चा-बच्चा की जांच कर सिविल अस्पताल भेज दिया। ट्रेन में डिलीवरी के बाद नवजात शिशु के साथ आरपीएफ का महिला स्टाफ। कैंट के रेलवे स्टेशन पर बच्चें का जन्म देने वाली ज्योति देवी सिविल अस्पताल में अपने बच्चे के साथ ।


