भास्कर न्यूज | लुधियाना साहनेवाल हलके में भाजपा पंजाब प्रवक्ता प्रितपाल सिंह बलियावाल के नेतृत्व में किसान विजय दिवस मनाया गया। भाजपा के ‘जमीन बचाओ, किसान बचाओ’ अभियान के दबाव में किसान-मजदूरों के साथ मिलकर आम आदमी पार्टी सरकार को कल लैंड पूलिंग नीति वापस लेनी पड़ी थी। इस जीत की खुशी में कैबिनेट मंत्री हरदीप मुंडियां के गांव में लड्डू बांटकर जश्न मनाया गया। बलियावाल ने कहा कि यह जीत सिर्फ किसानों और मजदूरों की नहीं बल्कि पूरे पंजाब की है, जिसने मिलकर इस संघर्ष में आवाज उठाई और सरकार को झुकने पर मजबूर किया। उन्होंने आरोप लगाया कि यह नीति दिल्ली के इशारे पर किसानों की जमीन लूटकर वहां के डीलरों को देने की योजना थी, जिसे साहनेवाल और पंजाब के लोगों ने नाकाम कर दिया। उन्होंने याद दिलाया कि विधानसभा साहनेवाल के 40 गांवों की जमीन को लैंड पूलिंग से हड़पने की कोशिश पर भाजपा पहले ही रोक लगा चुकी थी। गांव-गांव में ग्राम सभा और पंचायत प्रस्ताव पारित हुए, लेकिन सरकार तब भी मानने को तैयार नहीं थी। अंतः जनता के दबाव के आगे उसे झुकना पड़ा। बलियावाल ने किसानों को सतर्क रहने की सलाह दी और कहा कि आप सरकार की चालाक रणनीतियों पर भरोसा नहीं किया जा सकता, वह किसी और तरीके से नीति लागू करने की कोशिश कर सकती है। लेकिन भाजपा पंजाब हमेशा किसानों के अधिकारों की रक्षा के लिए सबसे आगे खड़ी रहेगी और किसान विरोधी कदमों को उजागर करती रहेगी। इस मौके पर भाजपा नेता पिंकू शर्मा, मनमीत सिंह चावला, सानिया शर्मा, लवदीप सिंह पनेसर, विनोद राणा, सुखविंदर सिंह ग्रेवाल और अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।


