जामताड़ा| राष्ट्रीय लोक अदालत के आयोजन को लेकर उपायुक्त कुमुद सहाय ने बुधवार को समाहरणालय सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में 10 मई को होने वाली लोक अदालत की तैयारियों पर चर्चा हुई। उपायुक्त ने कहा कि यह लोक अदालत जिला विधिक सेवा प्राधिकार, जामताड़ा द्वारा सिविल कोर्ट परिसर में सुबह 10 बजे से आयोजित की जाएगी। इसका आयोजन झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, रांची के तत्वावधान में होगा। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि सुलह योग्य वादों की सूची तैयार कर विधि शाखा को दी जाए। उन्होंने कहा कि सर्टिफिकेट केस सहित अन्य सुलहनीय वादों के निपटारे के लिए कार्रवाई करें। संबंधित न्यायालय और विभागों में जल्द से जल्द आवेदन जमा करें। लोक अदालत में बैंक ऋण, बिजली, रेलवे, मोटर एक्सिडेंट, चेक बाउंस, बीएसएनएल, फौजदारी सुलहनीय, राजस्व, वैवाहिक विवाद, उत्पाद, उपभोक्ता विवाद, वन वाद, भूमि अधिग्रहण, मुआवजा, न्यूनतम मजदूरी, श्रम और मनरेगा से जुड़े मामलों का निपटारा किया जाएगा।


