बुरहानपुर के नागझिरी वार्ड नंबर 15 के रहवासियों ने शुक्रवार दोपहर कलेक्ट्रेट पहुंचकर मोबाइल टावर लगाने का विरोध किया। उन्होंने डिप्टी कलेक्टर सृजन श्रीवास्तव को ज्ञापन सौंपकर टावर स्थापित न करने की मांग की। इस दौरान बड़ी संख्या में महिलाएं भी मौजूद थीं और उन्होंने नारेबाजी भी की। रहवासियों ने बताया कि नागझिरी में इमली के पेड़ के पास एक निजी कंपनी एक व्यक्ति के मकान पर मोबाइल टावर लगा रही है। उनका आरोप है कि यह क्षेत्र घनी आबादी वाला है, जहां गरीब और मजदूर वर्ग के लोग रहते हैं। रेडिएशन से कैंसर जैसी बीमारियों होने का खतरा पार्षद प्रतिनिधि गुलाम मुस्तुफा ने कहा कि जिस जमीन पर टावर लगाया जा रहा है, वह कच्ची है। रहवासियों ने स्वास्थ्य संबंधी चिंताओं को उठाते हुए कहा कि मोबाइल टावर से निकलने वाले रेडिएशन से कैंसर और अन्य गंभीर बीमारियां हो सकती हैं। उन्होंने एनओसी (अनापत्ति प्रमाण पत्र) रद्द करने और टावर को रिहायशी क्षेत्र से बाहर लगाने की मांग की। रहवासियों ने यह भी बताया कि उन्होंने उस मकान मालिक से बात की है जिसके घर पर टावर लग रहा है, लेकिन उसने उनकी बात नहीं सुनी। उन्होंने प्रशासन से इस मामले में उचित कार्रवाई करने का आग्रह किया। डिप्टी कलेक्टर सृजन श्रीवास्तव ने ज्ञापन स्वीकार करते हुए उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।


