खरगोन | लोडिंग वाहनों में सवारियां बैठाने के मामलों को लेकर रविवार को मेनगांव थाने की जैतापुर चौकी पुलिस ने चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान पिकअप, ट्रैक्टर-ट्रॉली, मिनी ट्रक आदि की चेकिंग की गई। कार्रवाई में 28 वाहनों के चालान काटे गए, वहीं एक वाहन को जब्त भी किया गया। पुलिस ने बताया कि लोडिंग वाहनों में सवारियां बैठाई जाती हैं और इनकी दुर्घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। इसी के चलते चेकिंग अभियान चलाया गया। चौकी के सामने नाकाबंदी कर लोडिंग वाहनों को चेक किया गया। इसमें वाहनों के दस्तावेज आदि भी चेक किए गए। 28 वाहनों के चालान बनाकर कुल 15 हजार 800 रुपए का समन शुल्क वसूला गया। वहीं वाहन क्रमांक एमएच 18 बीजे 7357 को बिना अनुमति सवारियां ले जाने पर जब्त किया गया है।


