लोहरदगा-रांची रेलखंड गुरुवार की शाम एक दैनिक मजदूर वासुदेव उरांव (50) की मालगाड़ी की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसा कैरो थाना क्षेत्र के नगजुआ गांव में हुआ। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों करीब 5.30 बजे रेल ट्रैक जाम कर दिया। इस कारण राजधानी एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनें बीच रास्ते में फंसी रहीं। ट्रेन अपने तय समय से करीब चार घंटे देरी से रात 9.40 बजे लोहरदगा से रवाना हो सकी। वहीं, सासाराम एक्सप्रेस, जो शाम 6 बजे खुलनी थी, वह रात 9.30 बजे चली। लोहरदगा-रांची पैसेंजर ट्रेन शाम 4.45 बजे चलकर नगजुआ में फंस गई, जबकि 8.30 बजे खुलने वाली मेमू ट्रेन को रद्द करना पड़ा। ग्रामीणों ने मृतक के परिजन को चतुर्थवर्गीय नौकरी और 50 लाख रुपए मुआवजा देने की मांग रखी। मौके पर पहुंचे सीओ, बीडीओ और रेलवे के डीआरएम प्रतिनिधियों ने लिखित आश्वासन दिया। इसके बाद रात करीब 8:30 बजे ट्रैक से जाम हटाया गया।


