भास्कर न्यूज | कोडरमा भाजपा की ओर से बुधवार को सुभाष चौक स्थित जिला अल्पसंख्यक मोर्चा कार्यालय में वक्फ बिल जनजागरण अभियान कार्यशाला हुई। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष अनूप जोशी ने की। संचालन अल्पसंख्यक मोर्चा जिलाध्यक्ष अरशद खान और जिला महामंत्री विजय यादव ने किया। सोना ख़ान ने कहा कि वक्फ संशोधन अधिनियम गरीब मुस्लिमों के हित में है। इससे उनकी गरीबी दूर करने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि अब तक वक्फ के नाम पर गरीब मुसलमानों को ठगा गया। न स्कूल बने, न अस्पताल, न ही गरीबों का भला हुआ। पवन साहू ने कहा कि वक्फ की संपत्ति का लाभ केवल नेता और वक्फ कमिटी के लोग उठा रहे हैं। यह संपत्तियां बिल्डरों और मॉल बनाने वालों को सस्ते किराए पर दी जा रही हैं। नए बिल से इस पर रोक लगेगी। जिला अध्यक्ष अनूप जोशी ने कहा कि वक्फ का मतलब दान देना है। चाहे हिंदू हों या मुसलमान, अपनी कमाई से दान करते हैं। यह पैसा गरीबों के लिए होता है। लेकिन कुछ लोग मिलकर इसका फायदा उठा रहे हैं। मोदी सरकार ने इसका पर्दाफाश किया और वक्फ कानून में बदलाव किया। यह बदलाव गरीब मुस्लिमों के विकास में मदद करेगा। कार्यक्रम में रवि मोदी, सुरेश यादव, शिवेन्द्र नारायण, गोपाल कुमार गुतुल, सुभाष मोदी, नरेन्द्र पाल, सुधीर सेठ, जाहिद हुसैन, मो मुजफ्फर, अनवर असरफ, जाहिद अंसारी सहित कई लोग मौजूद थे।


