वड़िंग की AAP सरकार को चेतावनी:गैंगस्टरों को संरक्षण देकर पंजाब को अराजकता की ओर न धकेलें, SSP पटियाला के ऑडियो की निष्पक्ष जांच हो

पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि सत्ता बचाने के लिए गैंगस्टरों को संरक्षण देकर पंजाब को अराजकता और खून-खराबे की ओर धकेला जा रहा है। उन्होंने सरकार को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि चुनाव जीतने के लिए इस तरह की खतरनाक राजनीति राज्य के लिए विनाशकारी साबित होगी।
वड़िंग ने आरोप लगाया कि AAP सरकार दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के ‘साम, दाम, दंड, भेद’ के फार्मूले पर काम कर रही है और विपक्षी दलों को डराने-धमकाने के लिए पुलिस तंत्र और गैंगस्टरों का इस्तेमाल कर रही है।
प्रदेश अध्यक्ष की अफसरों को चेतावनी न भूलेंगे,न मिलेगी माफी
अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने कहा कि प्रदेश में कई पुलिस अधिकारी पूरी तरह से सत्ताधारी पार्टी के “समर्थक” बन चुके हैं। उन्होंने साफ शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा, “जो अधिकारी सत्ता के इशारे पर विपक्ष को कुचलने का काम कर रहे हैं, हम न तो उन्हें भूलेंगे और न ही माफ करेंगे। सरकार बदलने के बाद ऐसे सभी अधिकारियों को कानून के तहत जवाबदेह बनाया जाएगा।”
उन्होंने यह भी कहा कि कई SSP, DSP, थाना प्रभारी और पुलिस चौकी इंचार्ज अब केवल AAP की भाषा बोल रहे हैं, जिससे राज्य का कानून-व्यवस्था तंत्र पूरी तरह चरमरा गया है। जिला परिषद और ब्लॉक समिति चुनाव में खुलेआम धांधली के आरोप लगाते हुए वडिंग ने कहा कि AAP सरकार जिला परिषद और ब्लॉक समिति चुनाव कराने से पहले ही डर गई थी, क्योंकि उसे अपनी हार साफ नजर आ रही थी। सरकार कोर्ट के दबाव में आकर ही चुनाव कराने को मजबूर हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि पूरे पंजाब से कांग्रेस को शिकायतें मिल रही हैं कि कांग्रेस उम्मीदवारों को नामांकन दाखिल करने से रोका गया, प्रत्याशियों को धमकाया गया और कई जगहों पर पुलिस की मौजूदगी में दबाव बनाया गया। उन्होंने कहा कि सत्ताधारी पार्टी ने पूरी चुनावी मशीनरी को “हाईजैक” कर लिया है। SSP पटियाला के कथित ऑडियो पर जांच की मांग
राजा वड़िंग ने SSP पटियाला के कथित वायरल ऑडियो क्लिप पर भी तीखी प्रतिक्रिया दी। इस ऑडियो में कथित तौर पर SSP अपने अधीन अधिकारियों को विपक्षी उम्मीदवारों को नामांकन स्थल तक पहुंचने से रोकने के निर्देश देते सुनाई दे रहे हैं। वड़िंग ने कहा, “इस ऑडियो क्लिप की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। अगर यह सही पाई जाती है तो ऐसे अधिकारी को तुरंत नौकरी से बर्खास्त किया जाना चाहिए।” जग्गू भगवानपुरिया को असम जेल से लाने का आरोप
AAP सरकार की मंशा पर सवाल उठाते हुए राजा वड़िंग ने बड़ा खुलासा किया। उन्होंने बताया कि कुख्यात गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया को असम की जेल से तरनतारन विधानसभा उपचुनाव के दौरान बटाला लाया गया था। इसी तरह जालंधर उपचुनाव के दौरान भी एक अन्य गैंगस्टर को विशेष पैरोल पर रिहा किया गया था, हालांकि बाद में चुनाव आयोग ने उसकी पैरोल रद्द कर दी थी। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान द्वारा कांग्रेस ने गैंगस्टरों को बढ़ावा दिया के लगाए आरोप पर जवाब देते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि यह सरकार अपनी नाकामियों से ध्यान भटकाने की कोशिश कर रही है।
उन्होंने सवाल उठाया कि “अगर मान भी लें कि पहले की सरकारों ने गलतियां कीं, तो पिछले चार सालों में AAP सरकार ने क्या किया? अब बहाने बनाने का नहीं, जवाब देने का वक्त है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *