सीहोर | खेरी वन परिक्षेत्र इछावर में वनरक्षक आवास प्रांगण में सम्मान समारोह और भजन संध्या हुई। कार्यक्रम में मप्र वन एवं वन्यप्राणी संरक्षण कर्मचारी संघ के प्रांतीय महासचिव चेतन कुमार आर्य का सम्मान किया गया। उन्हें शाल, श्रीफल और स्मृति चिन्ह भेंट किए गए। सम्मान ग्राम खेरी, बाराखंबा, दीवड़िया और रामदासी के ग्रामीणों और वन अधिकारियों-कर्मचारियों ने किया। समारोह की शुरुआत भजन गायक संस्कार वर्मा ने भगवान गणेश की वंदना से की। चेतन कुमार आर्य ने सभी का आभार जताया। कहा, वनकर्मियों का हित उनके लिए सबसे जरूरी है। उन्होंने बताया कि संघ की जिम्मेदारी को पूरी तत्परता से निभाएंगे। सभी का सहयोग लेकर प्रांतीय स्तर की रणनीति पर काम करेंगे। कार्यक्रम में उप वनमंडलाधिकारी सीहोर राजेश शर्मा ने आर्य को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। संघ के जिला पदाधिकारियों ने भजन गायक संस्कार वर्मा का पुष्पमाला पहनाकर स्वागत किया। उन्हें ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।


