भास्कर संवाददाता | सीहोर विदिशा में चल रही मध्यप्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन की संभाग स्तरीय प्रतियोगिता की तैयारी के लिए जिला स्तरीय अंडर-18 क्रिकेट मुकाबले खेले गए। इसमें सीहोर डीसीए की टीम ने पहले फाइनल में राजगढ़ और फिर दूसरे फाइनल में भोपाल को बढ़त के आधार पर हराकर जीत दर्ज की। मंगलवार और बुधवार को भोपाल के खिलाफ खेले गए मुकाबले में सीहोर टीम के कप्तान नवनीत सोनी ने 123 रन की शानदार पारी खेली। टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी की और पहली पारी में 187 रन बनाए। इसमें नवनीत के अलावा दीपेश सेन ने 16 और आदिल खान ने 13 रन जोड़े। जवाब में भोपाल की टीम 105 रन पर सिमट गई। भोपाल की ओर से श्रेयांश ने 55 रन बनाए। सीहोर की ओर से सक्षम त्यागी, नवनीत सोनी और दीपेश सेन ने दो-दो विकेट लिए। केशवादित्य और देवेंद्र को एक-एक विकेट मिला। दूसरी पारी में सीहोर ने 97 रन बनाए। इसमें निर्मल ने 49 और दीपेश सेन ने 13 रन बनाए। भोपाल टीम ने दूसरी पारी में चार विकेट पर 96 रन बनाए। इस पारी में नवनीत सोनी ने तीन विकेट झटके। इस तरह सीहोर ने बढ़त के आधार पर मैच जीत लिया। सीहोर डीसीए की टीम ने विदिशा, रायसेन, राजगढ़ और भोपाल को हराकर प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन किया। टीम की जीत पर एसोसिएशन के सचिव अतुल तिवारी, वीरु वर्मा, सुरेन्द्र रल्हन, धीरेंद्र वर्मा आरआई, अनिल राय, अतुल जैन, आशीष गोयल, भारत गुप्ता, मनोज, इरफान हुसैन और नवनीत तोमर ने बधाई दी।


