राजनांदगांव में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने शनिवार को चरण पादुका वितरण कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने अपने निवास परिसर में एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पौधरोपण भी किया। डॉ. सिंह ने बताया कि छत्तीसगढ़ सरकार की योजनाओं से गरीब और जरूरतमंद वर्ग के मेहनतकश लोगों का जीवन बदल रहा है। वनवासियों के पैरों को कंकड़-पत्थर और कांटों से बचाने के लिए चरण पादुका योजना शुरू की गई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने तेंदूपत्ता का मूल्य बढ़ाकर 5,500 रुपए प्रति मानक बोरा कर दिया है। पहले यह 4,000 रुपए था। वर्ष 2025 में 18,332 तेंदूपत्ता संग्राहकों को 10.70 करोड़ रुपए का भुगतान किया गया है। हितग्राहियों को दी गई चरण पादुका वनमंडलाधिकारी के अनुसार, जिले में 18 प्राथमिक लघुवनोपज सहकारी समितियां हैं। इन समितियों के माध्यम से 19,645 हितग्राहियों को चरण पादुका वितरित की गई है। कार्यक्रम में कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेंद्र भुरे, जिला पंचायत सीईओ सुरुचि सिंह, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के सचिन बघेल, प्रदीप गांधी, कोमल सिंह राजपूत, संतोष अग्रवाल, राजेश श्यामकर सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी और हितग्राही मौजूद रहे।


