सागर | बुंदेलखंड हिंदी साहित्य संस्कृति विकास मंच की साप्ताहिक 1613वीं तथा ऑनलाइन 291वीं संगोष्ठी हुई। संगोष्ठी की अध्यक्षता टीकमगढ़ के वरिष्ठ साहित्यकार मुन्नालाल मिश्रा ने की। उन्होंने कहा कि आज देश वर्ग भेद की गंभीर स्थिति से गुजर रहा है, जिसके दुष्परिणाम राष्ट्र की अखंडता और सामाजिक सौहार्द के लिए घातक सिद्ध हो रहे हैं। मिश्रा ने कहा कि वर्ग भेद के कारण गहरी असमानता, सामाजिक तनाव और अनेक समस्याएं उत्पन्न हो रही हैं, जिससे देश की प्रगति बाधित हो रही है। कुछ राजनीतिक दल अपनी गतिविधियों से देश की अस्मिता और एकता को नुकसान पहुंचा रहे हैं, जो लोकतंत्र के लिए भी चुनौती है। संचालन रायसेन से चित्रा चतुर्वेदी ने किया। सागर से डॉ. सरोज गुप्ता ने मां सरस्वती की वंदना प्रस्तुत की। बड़ा मलहरा से डॉ. देवदत्त द्विवेदी ‘सरस’ ने कहा कि 31 वर्षों से निरंतर साप्ताहिक काव्य गोष्ठियां साहित्यकारों की विजय का प्रतीक हैं।


