वर्ष 2021 में घर से लापता हुई थी शीला

भास्कर संवाददाता | बाड़मेर उत्तरप्रदेश के बागपत बड़ौत थाना क्षेत्र के बिजरोल निवासी शीला भटकते-भटकते सरहदी जिले बाड़मेर के चौहटन क्षेत्र में पहुंच गई। पुलिस ने शीला को श्योर संस्था की ओर से संचालित मानसिक विमंदित पुनर्वास गृह में भेज दिया। मानसिक विमंदित पुनर्वास गृह के अनिल शर्मा के प्रयासों से 4 साल बाद शीला अपने परिवारजनों से मिली तो परिवारजनों के खुशी के आंसू छलक गए। लंबे समय से गुमशुदा शीला के परिजनों ने एक बारगी तो शीला के मिलने की आस ही छोड़ दी थी लेकिन वापस मिली तो खुशी का कोई ठिकाना नहीं रहा। व्यवस्थापक अनिल शर्मा ने बताया कि शीला जब मानसिक विमंदित गृह को मिली तो उसकी मानसिक हालत खराब थी। इसके बाद शीला का उपचार करवाया तो धीरे-धीरे याददाश्त ठीक हो गई। उसके परिजनों का पता लगाकर कर उसको सुपुर्द किया। ऐसे गुमशुदा लोगों को घर भेजने के लिए सरकारी मदद की आवश्यकता है। इसके लिए मुख्यमंत्री से मिलकर ठोस योजना बनाने के प्रयास जारी है। मानसिक विमंदित गृह में शीला की देखरेख करने के साथ ही उसका उपचार करवाया तो धीरे-धीरे उसकी याददाश्त लौटने लगी। उसके बताई जानकारी पर इंटरनेट व सोशल साइट से पता किया तो गांव के प्रधान इकबाल से सम्पर्क हुआ। इस दौरान पता चला कि संबंधित थाने में उसकी गुमशुदगी भी दर्ज है। प्रधान ने घर वालों से सम्पर्क करवाया तो उनको पता चला कि शीला अभी जिंदा है। नववर्ष शीला के परिवार के लिए खुशियां लेकर आया। शीला के 3 बेटियों के बाद जब बेटा हुआ तो खुशी का कोई ठिकाना नहीं रहा। खुशी भी इतनी अधिक कि मानसिक संतुलन ही बिगड़ गया। ऐसे में वह 28 मई 2021 को घर से लापता हो गई। एक सामाजिक कार्यक्रम के दौरान घर से निकली शीला वापिस अपने घर नहीं पहंुची। इसके बाद परिवारजनों से 15 जून 2021 को संबंधित थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई। जगह- जगह ढूंढ़ने के बाद पुलिस की ओर से लापता के पोस्टर भी छपवाए गए। लेकिन शीला को कोई सुराग तक नहीं मिला। ऐसे में शीला की तलाश नहीं होने पर परिवारजनों की आस ही टूट गई थी। गुमशुदगी के लंबे इंतजार के बाद परिवारजनों ने उसके बेटे-बेटी की शादी भी करवा दी। शीला के 3 लड़कियां व 2 लड़के हैं। वीडियो कॉल से करवाई बात : शीला के परिवार का पता लगने पर वीडियो कॉल से परिवार से सम्पर्क करवाया गया। यह वो पल था जब दोनों तरफ बात करने वालों की आंखों मे आंसुओं की धारा रूक नहीं रही थी। इसके बाद गुरुवार को शीला का पति रामवीरसिंह, भतीज दीपक व बेटा एक दूसरे से गले मिलकर खूब रोए। इस दौरान माहौल गमगीन हो गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *