“वादा करो तुम दोगे मेरा साथ’ जैसे कई बॉलीवुड गीतों पर थिरके श्रोता, आशिमा और सुनीता के अभिनय ने बांधा समा

भास्कर न्यूज | जालंधर बुधवार की शाम शहर के केएल सहगल मेमोरियल सभागार में गीतों से सजी। मौका था ‘बॉलीवुड क्लब’ द्वारा आयोजित रंगारंग कार्यक्रम ‘आओ ट्विस्ट करें’ का। नए साल और लोहड़ी के उपलक्ष्य में आयोजित इस समारोह में संगीत प्रेमियों ने बॉलीवुड गाने गाकर समां बांध दिया। नरेंद्र, विजय चौधरी, जिम्मी, कृतिका ने ‘आने वाले साल को सलाम’, ‘आने वाला पल जाने वाला है’, ‘ईना मीना डीका’, ‘आओ न गले लगा लो न’, ‘वादा करो तुम दोगे मेरा साथ’ जैसे कई बॉलीवुड गीत गाए। इंद्रधनुषी छटा से सराबोर इस कार्यक्रम में सुरीले गीतों समेत कला के विविध रंग देखने को मिले, जिसने श्रोताओं का दिल जीत लिया। क्लब के प्रधान डॉ. दविन्द्र चोपड़ा ने बताया कि भांडों के चरित्र को अपने उत्कृष्ट अभिनय के जरिए जीवंत करते हुए आशिमा और सुनीता भल्ला ने भी खूब वाह वाही बटोरी। ‘आओ ट्विस्ट करें’ गीत पर क्लब और पारिवारिक सदस्यों की नृत्य प्रस्तुति विशेष आकर्षण का केंद्र रही। वहीं, विजय चौधरी, शरणजीत और उनके साथियों ने लोहड़ी गीत ‘सुंदर मुंदरिए ओ’, ‘तिल्ली मोतियां भरी’ तथा बोलियों और भांगड़ा गीतों पर गुरदीप सिंह लूथरा की प्रस्तुति ने सबका मन मोह लिया। ‘लक्की ड्रा’ के जरिए चयनित, दिसंबर-जनवरी माह में जन्मे बच्चों अथवा विवाह बंधन में बंधे सदस्यों के साथ-साथ, बॉलीवुड क्विज के तहत पूछे गए प्रश्नों का सही उत्तर देने वाले सदस्यों को भी उपहार भेंट किए गए। वहीं, मौके पर मौजूद श्रोताओं ने बताया कि वे गानों पर खूब झूमे और उसका जमकर आनंद लिया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *