वाराणसी के सीर-गोवर्धनपुर मंदिर में शॉर्ट सर्किट से लगी आग:आग से हड़कंप पर बाहर भागे भक्त, कमरे का सामान जला

वाराणसी के सीर गोवर्धनपुर स्थित विश्वप्रसिद्ध रविदास मंदिर में सोमवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में आग लगने से हड़कंप मच गया। घटना सुबह करीब 6 बजे के आसपास की बताई जा रही है। मंदिर परिसर के पिछले कमरे में जिस समय आग लगी, उस वक्त सैकड़ों श्रद्धालु मंदिर में दर्शन–पूजन कर रहे थे। अचानक मंदिर परिसर से धुआं उठने लगा, जिससे वहां मौजूद श्रद्धालुओं में अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए लोगों ने तुरंत लंका थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलते ही लंका इंस्पेक्टर राजकुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। इसके कुछ ही देर बाद फायर ब्रिगेड की गाड़ी भी घटनास्थल पर पहुंच गई। आग तेजी से फैल रही थी, लेकिन पुलिस, फायर ब्रिगेड और मंदिर के सेवादारों की संयुक्त कोशिशों से कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। आग लगने के दौरान मंदिर परिसर और आसपास काफी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए थे। मंदिर प्रशासन के अनुसार, समय रहते सभी श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे किसी भी प्रकार की जनहानि या गंभीर नुकसान नहीं हुआ। कुछ सेवादार आग बुझाने के प्रयास में भी जुटे रहे, लेकिन आग इतनी तेजी से फैली कि शुरुआती स्तर पर उस पर काबू पाना संभव नहीं हो सका। इस संबंध में भेलुपुर एसीपी गौरव कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट प्रतीत हो रहा है। आग मंदिर के एक कमरे तक सीमित रही और समय रहते फायर ब्रिगेड को बुलाकर स्थिति पर नियंत्रण पा लिया गया। फिलहाल पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच कर रहे हैं। मंदिर प्रशासन ने राहत की सांस लेते हुए कहा कि किसी भी श्रद्धालु या सेवादार को नुकसान नहीं पहुंचा है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *