वाराणसी में महिला से अभद्रता में इंस्पेक्टर लाइन हाजिर:मोबाइल चोरी की शिकायत पर भगाया, पुलिस कमिश्नर ने दोबारा महिला को भेजकर हकीकत देखी

वाराणसी में महिला से अभद्रता करने वाले इंस्पेक्टर पर पुलिस कमिश्नर ने एक्शन ले लिया है। दशाश्वमेध थाने में मोबाइल चोरी की शिकायत लेकर पहुंची महिला से इंस्पेक्टर प्रमोद कुमार ने अभद्रता की थी। इसकी शिकायत महिला ने पुलिस कमिश्नर ने की तो पुलिस कमिश्नर ने दोबारा महिला को थाने भेजकर इंस्पेक्टर की करतूत दिखवाई। महिला दशाश्वमेध इंस्पेक्टर प्रमोद कुमार के पास दोबारा पहुंची तो उसने फिर वैसा व्यवहार किया। शिकायत करते ही महिला पर भड़क गए। पीड़िता की रिपोर्ट भी दर्ज नहीं की और औपचारिकता करके उसे लौटा दिया। इस पर आरोपी इंस्पेक्टर प्रमोद कुमार को पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने लाइन हाजिर कर दिया। उसके खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कर दी। पुलिस कमिश्नर ने पर्यटक थाना के प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र प्रसाद को दशाश्वमेध थाने की जिम्मेदारी दी है। जाम और अतिक्रमण हटवाने में नाकाम पुलिस वालों को एक्शन लेंगे
रविवार की रात पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने पुलिस लाइन सभागार में जिले की समीक्षा बैठक शुरू करते ही प्रभारी निरीक्षक दशाश्वमेध प्रमोद पांडेय को लाइन हाजिर कर दिया। पुलिस कमिश्नर ने कहा कि महिला अपराधों में शामिल छेड़खानी, अपहरण, बलात्कार और गुमशुदगी पर गंभीरता से कार्रवाई नहीं करने वाले थाना प्रभारी और चौकी प्रभारी अब सीधे सस्पेंड किए जाएंगे। सड़कों से जाम और अतिक्रमण हटवाने में नाकाम थाना अध्यक्ष और चौकी प्रभारी भी अपने पदों पर नहीं रहेंगे। ऐसे लापरवाहों की तत्काल पुलिस लाइन में आमद कराई जाएगी। पुलिस कमिश्नर ने यातायात, महाकुंभ, त्रिनेत्र, पर्यटन की समीक्षा की। सभी थानेदारों और चौकी इंचार्ज को स्पष्ट निर्देश दिया कि शहर की प्रमुख सड़कें पूरी तरह से खाली और अतिक्रमण मुक्त करें। सड़कों और फुटपाथ पर दुकान, वाहन समेत किसी प्रकार का अतिक्रमण नहीं होना चाहिए। DCP और ACP ट्रैफिक व्यवस्था की नियमित मॉनिटरिंग करेंगे। अधिक जाम लगने वाले क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती करेंगे। थाना इंचार्ज और चौकी प्रभारी रात में गश्त करें
ट्रैफिक फ्लो को बेहतर करने के लिए ऑप्शनल रूट या बाईपास की व्यवस्था करें, जिससे मुख्य मार्गों पर वाहनों का दबाव कम हो सके। सभी थाना इंचार्ज और चौकी प्रभारी रात में गश्त करें। मुख्यालय और जोन स्तर पर राजपत्रित अधिकारियों से चेकिंग कराई जाए। हाईवे पर खड़े वाहन हादसे का कारण बन सकते हैं, इसलिए वाहन न खड़े होने दिया जाएगा। थानों पर नियुक्त पुलिस बल का सही प्रबंधन किया जाए। पुलिस बल की रात में गश्त और पिकेट में ड्यूटी लगाई जाए। काशी विश्वनाथ मंदिर से 104 पुलिसकर्मियों को हटाया था
बता दें कि प्रमोद पांडेय को हटाने से कुछ देर पहले ही काशी विश्वनाथ मंदिर से दो दरोगा समेत 104 पुलिस कर्मियों को भी हटाया गया था। वाराणसी पुलिस कमिश्नर ने काशी आने वाले पर्यटकों के मार्गदर्शन और सहायता के लिए 4 पर्यटक चौकियों का गठन किया है। इसमें पहली चौकी का कार्यक्षेत्र काल भैरव मन्दिर के साथ नमो घाट की होगी। दूसरी चौकी का कार्यक्षेत्र श्री काशी विश्वनाथ मन्दिर और दशाश्वमेध घाट तक होगा। वहीं अस्सी घाट पर पर्यटकों के दबाव बढ़ने पर अतिरिक्त सहायता चौकी भी काम करेगी। पुलिस कमिश्नर ने सारनाथ पर्यटक क्षेत्र का गठन करते हुए उसे भी एक चौकी क्षेत्र बनाया। महाकुंभ को लेकर तैयारियों पर मंथन
प्रयागराज महाकुंभ को लेकर पुलिस कमिश्नर ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था तय करें। होटल, ढाबा, रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन और भीड़-भाड़ वाली जगहों की स्निफर डॉग और BDS टीम से सघन चेकिंग कराई जाए। सड़कों के किनारे और खुली जगहों पर अस्थाई रूप से बसे लोगों का सत्यापन करें और विवरण रखें। महिलाओं, बुजुर्गों और दिव्यांगों के सुरक्षा और सहयोग करें। सभी सीयूजी नंबर पर कॉल को रिसीव करें। पुलिस कमिश्नर की मीटिंग में इनकी रही मौजूदगी
कानून-व्यवस्था, सुगम यातायात, अतिक्रमण और नएवर्ष समेत महाकुम्भ की तैयारियों पर बैठक में अपर पुलिस आयुक्त एस. चन्नप्पा, पुलिस उपायुक्त काशी जोन गौरव बंशवाल, पुलिस उपायुक्त वरूणा जोन चन्द्रकान्त मीना, पुलिस उपायुक्त यातायात हृदेश कुमार, एडीसीपी काशी नीतू कादयान, एडीसीपी वरुणा सरवणन टी., एसीपी चेतगंज गौरव कुमार, एसीपी कैंट विदुष सक्सेना, एसीपी सारनाथ अतुल अंजान त्रिपाठी, एसीपी भेलूपुर धनंजय मिश्रा, एसीपी कोतवाली ईशान सोनी, एडीसीपी श्रुति श्रीवास्तव समेत अन्य सभी सहायक पुलिस आयुक्त, थाना प्रभारी/थानाध्यक्ष, यातायात निरीक्षक, चौकी प्रभारी/हल्का प्रभारी उपस्थित रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *