वार्ड-39 के पंडोरा, राम एवेन्यू, मंदिर वाले प्लॉट, सुल्तानविंड और टैंपल कॉलोनी इलाकों का हाल

अमनदीप सिंह | अमृतसर दक्षिण हलके के अंतर्गत वार्ड-39 के कई इलाकों में मूलभूत सुविधाओं की भारी कमी है। इलाका पंडोरा, राम एवेन्यू, मंदिर वाले प्लॉट, सुल्तानविंड और टैंपल कॉलोनी के लोग विभिन्न समस्याओं से जूझ रहे हैं। टैंपल कॉलोनी में गंदा पानी पीने के पानी में मिक्स होकर आ रहा है, जिससे स्वास्थ्य संकट गहरा गया है। बिजली की आंख-मिचौली से लोग परेशान हैं, नया ट्रांसफार्मर लगाने की मांग उठा रहे है। छह वार्ड पंडोरा में बिजली के खुले मीटर बॉक्स और तारों का बिखरा जाल बड़ा खतरा बन चुका है। छोटे बच्चे और जानवर रोज इनसे जोखिम में रहते हैं। हल्की बारिश में चिंगारियां तक निकलने लगती हैं। सुल्तानविंड क्षेत्र में सीवरेज ब्लॉक की समस्या आम है। लोग कई बार नगर निगम को सूचित कर चुके हैं, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। प्राइवेट कर्मचारियों से खुद नालियां साफ करानी पड़ रही हैं। राम एवेन्यू की गलियों में बीते 20 दिनों से गंदा पानी जमा है। गलियों में बदबू फैली हुई है और फिसलन के कारण बच्चे खेल भी नहीं पा रहे हैं। पानी में काई जम गई है, जिससे मच्छरों का खतरा भी बढ़ा है। मंदिर वाले प्लॉट और सुल्तानविंड लिंक रोड की सड़क अभी तक कच्ची है। आसपास के क्षेत्रों की सड़कें बनाई जा चुकी हैं, लेकिन इस इलाके को नजरअंदाज किया गया है। वार्ड-39 की पार्षद मनप्रीत कौर के पति नैनकंवलबीर सिंह ने कहा कि वार्ड के इलाकों में सुपर शक्कर मशीन लगवाकर सीवरेज साफ करवाए जा रहे है। वार्ड की सभी सड़कों को पक्का किया जाएगा, उन्होंने छह वार्ड पंडोरा में नई सड़कें बना दी है। बिजली की समस्याओं के बारे में वह बिजली विभाग से बात करेंगे। वार्ड-39 से चुनाव लड़ी मोनिका के देवर जतिंदर सिंह रिंका ने कहा कि वार्ड में सीवरेज जाम की समस्या से लोग परेशान है। सीवरेज के ढक्कन टूटे पड़े है, कई सड़कें कच्ची छोड़ दी गई, लोगों के घरों में पीने का गंदा पानी आ रहा है। लेकिन पार्षद लोगों की सुध तक लेने नहीं पहुंच रहे। दविंदर सिंह निवासी मंदिर वाले प्लॉट ने बताया कि खुले प्लॉटों में सीवरेज का पानी भर रहा है। सड़क पूरी तरह कच्ची है। जहां चलना भी दूभर है। गुरमीत कौर निवासी राम एवेन्यू ने बताया कि घरों में सीवरेज मिक्स पानी है, जिससे बीमारियां फैलने का खतरा बना हुआ है। रूपिंदर कौर निवासी राम एवेन्यू ने बताया कि गंदा पानी गलियों से हटाया नहीं गया है। बच्चों को बाहर भेजना मुश्किल हो गया है। रूपिंदर सिंह निवासी छह वार्ड पंडोरा ने बताया कि खुले बिजली के मीटर बॉक्स जानलेवा बनते जा रहा हैं। जिससे हादसा हो सकता है। डॉ. सुपिंदर सिंह ढिल्लों निवासी टैंपल कॉलोनी ने बताया कि कॉलोनी में बार-बार बिजली जाती है। ट्रांसफार्मर काम नहीं कर रहा। राम एवेन्यू में जमा सीवरेज का पानी। पंडोरा में खुले मीटर बॉक्स। मंदिर वाले प्लॉटों की कच्ची सड़क। सड़क पर टेढा सीवरेज ढक्कन।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *