भास्कर न्यूज| जैसलमेर आदर्श शिक्षण संस्थान जैसलमेर द्वारा संचालित आदर्श विद्या मंदिर उच्च माध्यमिक जैसलमेर में शिशु विज्ञान मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ उपाध्यक्ष सेवानिवृत्त उपनिरीक्षक किशनाराम पंवार, जिला सचिव भंवरलाल कुमावत, मुख्य अतिथि पार्थ जगाणी, विशिष्ट अतिथि आयुर्वेद चिकित्सक डॉ. चम्पा सोलंकी और वरिष्ठ अध्यापक देवेंद्रसिंह राठौड़ द्वारा मां शारदा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। जिला शिशु वाटिका प्रमुख द्वारकाराम ईणखिया ने बताया कि मेले में अरुण से तृतीया कक्षा के 290 बच्चों ने भाग लिया। नन्हे बच्चों ने यातायात के साधन, पर्यावरण व ऊर्जा संरक्षण, पशु पक्षियों के आवास, राष्ट्रीय प्रतीक, दिन रात चक्र और संतुलित आहार जैसे विषयों पर 235 विज्ञान मॉडल व प्रयोगों का प्रदर्शन किया। इसके साथ ही विद्यार्थियों के बीच विज्ञान प्रश्न मंच प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। जिला सचिव भंवरलाल कुमावत ने बताया कि विद्या भारती शिशुवाटिका की 12 शैक्षिक व्यवस्थाओं में से विज्ञान प्रयोग को 14 क्रियाकलापों के माध्यम से सिखाया जाता है। मुख्य वक्ता डॉ. चम्पा सोलंकी ने कहा कि ऐसे आयोजनों से नन्हे बालकों में जिज्ञासा और अनुसंधान की भावना जागती है, जो उनके सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक है। कार्यक्रम में आदर्श शिक्षण संस्थान के प्रधानाचार्यों, अभिभावकों और महिलाओं ने बालकों के उत्साह की प्रशंसा की। प्रधानाचार्य बीरमाराम ने सभी का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में आचार्या शकुंतला खत्री, जयश्री सिसोदिया, ललिता श्रीमाली, अमिता पंवार, चेतना खत्री, खेताराम, संतोष, पुष्पा परिहार, इन्दु, पुष्पा गोस्वामी और वन्दना हर्ष का सहयोग रहा।


