विदेश यात्रा के दौरान इंदौर के व्यवसायी के घर चोरी:सोने की चेन, सिक्के, पुश्तैनी जेवर और कैश ले गए; घर का सुपरवाइजर हिरासत में

इंदौर के एक व्यवसायी की पत्नी के विदेश जाने के दौरान उनके घर से जेवर चोरी हो गए। इस मामले में लसूड़िया पुलिस ने संदेह के आधार पर घर के सुपरवाइजर के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। पुलिस पूछताछ कर रही है। लसूड़िया थाना प्रभारी तारेश सोनी के मुताबिक, बेला गजरा अपने पति केनेडी और बेटे अनमोल के साथ 28 दिसंबर के आसपास विदेश घूमने गई थीं। उस दौरान घर की जिम्मेदारी सुपरवाइजर सौरभ तिवारी के पास थी। सौरभ ने घर में डस्टिंग, कुकिंग, गार्डनिंग और सिक्योरिटी के लिए कर्मचारी रखे हुए थे। वह करीब 11 साल से घर का पूरा काम संभाल रहा था। बेला गजरा ने बताया कि उनके बेडरूम में डिजिटल लॉक लगा है, जिसे दुनिया में कहीं से भी मोबाइल एप्लिकेशन के जरिए खोला जा सकता है। 28 दिसंबर को उन्होंने सौरभ से कहा था कि वह बेडरूम का लॉक खोल रही हैं और बेडरूम की डस्टिंग करवा देना। इसके बाद वे इंदौर लौट आईं। जनवरी में कुछ दिन बाद जब बेडरूम के सेफ लॉकर की जांच की गई, तो उसमें से सोने की चेन, सिक्के, पुश्तैनी जेवर और नकद रुपए गायब मिले। बेडरूम के बाहर तक सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं, जिनमें 28 दिसंबर को आखिरी बार सौरभ ही बेडरूम में जाता हुआ दिखाई दिया। उसके आने-जाने की गतिविधियां संदिग्ध नजर आईं। बेला गजरा ने आशंका जताई है कि सौरभ के साथ घर का कोई अन्य कर्मचारी भी इस चोरी में शामिल हो सकता है। हालांकि, पुलिस ने शुक्रवार को इस मामले में एफआईआर दर्ज कर सौरभ को हिरासत में ले लिया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *