बैरसिया रोड हिनौती स्थित विनयम पब्लिक स्कूल में आयोजित वार्षिक उत्सव में रामायण का शानदार मंचन हुआ, जिसका शीर्षक “मर्यादा” रखा गया। इस मंचन में विद्यालय के 250 छात्र-छात्राओं ने रामायण के प्रमुख प्रसंगों को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया। कार्यक्रम की शुरुआत श्री राम जन्म से लेकर राजा राम के वनवास से अयोध्या वापसी तक के दृश्यों से हुई। इसके बाद, राम और रावण के बीच हुआ युद्ध और राम का अयोध्या लौटने का दृश्य भी छात्रों ने अत्यंत प्रभावी तरीके से प्रस्तुत किया। छात्र-छात्राओं की इस प्रस्तुति को देख दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका उत्साह बढ़ाया। रामायण मंचन में छात्रों ने दर्शकों को यह संदेश दिया कि जीवन को मर्यादाओं में बांधकर और सत्पुरुषों के गुणों को अपनाकर ही अनुशासित जीवन जी सकते हैं। नाटक के दौरान बुराई पर अच्छाई की जीत का चित्रण और पति-पत्नी, भाई-बहन व परिवार के रिश्तों के आदर्श को भी खूबसूरती से दिखाया गया। विशेष रूप से भगवान राम, लक्ष्मण और माता सीता के 14 वर्षों के वनवास के प्रसंग को अत्यधिक श्रद्धा और भक्ति से पुनर्जीवित किया गया, जिससे कार्यक्रम का माहौल राममय हो गया। वार्षिक उत्सव के दौरान विद्यालय की डायरेक्टर ऋषिता शर्मा ने विद्यालय के भविष्य को लेकर विश्वास व्यक्त किया और कहा कि आने वाले समय में विद्यालय नई ऊंचाइयों को छूने में सक्षम होगा। इसके साथ ही, एक छात्रा को स्कॉलरशिप से सम्मानित किया गया और भविष्य में ऐसे ही प्रतिभाशाली छात्रों को स्कॉलरशिप देने की घोषणा की गई। कार्यक्रम में स्कूल के चेयरमैन राजेंद्र शर्मा, कोषाध्यक्ष मोहित शर्मा, प्रिंसिपल प्रीति मरवाह और रुक्मणि गोपाल सोशल वेलफेयर सोसायटी के सदस्य भी उपस्थित थे।


