विराट हिंदू सम्मेलन आज, गूंजेगा धर्म और संस्कृति का शंखनाद

भास्कर न्यूज | बाड़मेर धर्म, संस्कृति और सामाजिक एकता के संरक्षण एवं सुदृढ़ीकरण के उद्देश्य से बाड़मेर जिले में विभिन्न स्थानों पर विराट हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में इंद्रानगर, दानजी की हौदी, गांधीनगर बस्ती तथा रोहिड़ी क्षेत्र में कार्यक्रम आयोजित होंगे। जिनमें संत-महात्माओं का सान्निध्य, कलश यात्राएं, वाहन रैलियां और सांस्कृतिक आयोजन मुख्य आकर्षण रहेंगे। इंद्रानगर बस्ती स्थित सरस्वती विद्या मंदिर परिसर में रविवार को विराट हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। विराट हिंदू सम्मेलन समिति के संरक्षक अशोक भारती ने बताया कि सुबह 11 बजे हिंगलाज मंदिर से मातृ शक्ति की ओर से कलश यात्रा निकाली जाएगी, जो विभिन्न मार्गों से होते हुए सम्मेलन स्थल पहुंचेगी। दोपहर 12 बजे से सरस्वती विद्या मंदिर परिसर में मुख्य सम्मेलन आयोजित होगा। कार्यक्रम में विश्व हिंदू परिषद के जिला प्रचार प्रमुख खेमीचंद मुख्य वक्ता के रूप में अपने विचार रखेंगे। इसी क्रम में दानजी की हौदी स्थित महात्मा गांधी स्कूल, लक्ष्मी नगर में विराट हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। आयोजन समिति के अनुसार इस सम्मेलन का उद्देश्य हिंदू धर्म, संस्कृति और सामाजिक मूल्यों की पुनर्स्थापना करना है। सम्मेलन में महंत गोरखनाथ महाराज, महंत खुशालीगिरी, महंत नारायणपुरी, साध्वी सत्यसिद्ध गिरी तथा गोस्वामी ओमपुरी का सान्निध्य रहेगा। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता प्रांत घोष प्रमुख रामचंद्र जी बालवा जोधपुर होंगे। सम्मेलन में कलश यात्रा, संत प्रवचन, सांस्कृतिक कार्यक्रम, मातृशक्ति उद्बोधन और भारत माता की आरती का आयोजन होगा। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में गांधीनगर बस्ती में भी विराट हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। इससे पूर्व शनिवार शाम को संतों के सान्निध्य में दुपहिया वाहन रैली निकाली गई। रैली रेलवे छपरे गांधी नगर से रवाना होकर विभिन्न गली-मोहल्लों से होते हुए विष्णु कॉलोनी स्थित शाखा ग्राउंड पहुंची, जहां हनुमान चालीसा पाठ किया गया। इसके अलावा 26 जनवरी 2026 को रोहिड़ी मंडल में सकल हिंदू समाज की ओर से विराट हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। भोमसिंह सुंदरा ने बताया कि सम्मेलन के पोस्टर का विमोचन ख्याला मठ महंत गुरु गोरखनाथ के सान्निध्य में किया गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *