विश्वविद्यालयों को इसी महीने मिल जाएंगे वीसी-प्रोवीसी, पर शिक्षकों के लिए इंतजार

एजुकेशन रिपोर्टर | रांची झारखंड में उच्च शिक्षा प्रभार में चल रही है। राज्य के विश्वविद्यालयों में कुलपतियों और प्रति कुलपतियों के पद दो साल से भी अधिक समय से खाली हैं। दूसरी ओर, 75 प्रतिशत सरकारी कॉलेजों में प्रिंसिपल के पद खाली हैं। शिक्षकेतर कर्मचारियों के पदों पर पिछले तीन दशक से नियुक्ति ही नहीं हुई है। इतना ही नहीं, यूनिवर्सिटी शिक्षकों के 40 प्रतिशत पद रिक्त हैं। इसका सीधा असर प्रशासनिक और एकेडमिक कार्यों पर पड़ रहा है। राज्य के सभी विश्वविद्यालयों में राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुसार पढ़ाई हो रही है। ऐसे में शिक्षकों की कमी का असर क्वालिटी एजुकेशन पर पड़ रहा है। जानकारी के अनुसार, जनवरी में ही विभिन्न विश्वविद्यायलों के वीसी और प्रोवीसी मिल जाएंगे। झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) को भी इसी माह स्थाई चेयरमैन मिल जाने की संभावना है। लेकिन, अभी विश्वविद्यालयों में शिक्षकों की नियुक्ति में समय लगेगा। बताते चलें कि राज्य के सभी विश्वविद्यालयों में पिछले छह साल से शिक्षकों की नियुक्ति नहीं हुई है। स्थाई शिक्षक की जगह अनुबंध पर शिक्षक बहाल किए जा रहे हैं। आज स्थिति यह हो गई है कि विश्वविद्यालयों में स्थाई से अधिक अनुबंध शिक्षक हो गए हैं। इन विवि में होनी है वीसी-प्रोवीसी की नियुक्ति विनोबा भावे यूनिवर्सिटी हजारीबाग, कोल्हान यूनिवर्सिटी जमशेदपुर, नीलांबर-पीतांबर यूनिवर्सिटी मेदिनीनगर और सिदो-कान्हू मुर्मू यूनिवर्सिटी दुमका में कुलपति की नियुक्ति होनी है। जबकि, आरयू, एनपीयू, कोल्हान विवि, विनोबा भावे विवि में प्रतिकुलपति के पद रिक्त हैं। प्रभारी वीसी सेवा दे रहे हैं, जो सिर्फ रुटीन कार्य कर सकते हैं, नीतिगत निर्णय नहीं ले सकते हैं। एक बाद रद्द हो चुका है वीसी की नियुक्ति का विज्ञापन बताते चलें कि सितंबर 2022 में चार विश्वविद्यालयों में कुलपतियों की नियुक्ति के लिए प्रक्रिया शुरू की गई थी। आवेदन आमंत्रित करने के 10 माह बाद वीसी पद के आवेदकों का इंट्रैक्शन भी आयोजित किया गया। इसके बाद राज्यपाल सह कुलाधिपति के आदेश पर वीसी पद के विज्ञापन को ही रद्द कर दिया गया। इसके बाद फिर चार विश्वविद्यायलों में कुलपति पद पर नियुक्ति प्रक्रिया शुरू की गई, लेकिन इसमें विनोद बिहारी महतो यूनिवर्सिटी में ही वीसी की नियुक्ति हो सकी। अन्य तीन विवि में कुलपति की नियुक्ति होने का इंतजार है। किस यूनिवर्सिटी में कौन-कौन से पद हैं खाली आरयू में प्रोवीसी, रजिस्ट्रार, फाइनांस अफसर, असिस्टेंट रजिस्ट्रार। कोल्हान विवि में वीसी, प्रोवीसी, रजिस्ट्रार, फाइनांस अफसर, डिप्टी रजिस्ट्रार, 3 असिस्टेंट रजिस्ट्रार। विनोबा भावे विश्वविद्यालय में वीसी, प्रोवीसी, रजिस्ट्रार, फाइनांस अफसर, डिप्टी रजिस्ट्रार, असिस्टेंट रजिस्ट्रार। नीलांबर-पीतांबर विवि में वीसी, प्रोवीसी, रजिस्ट्रार, फाइनांस अफसर, डिप्टी रजिस्ट्रार। सिदो-कान्हू मुर्मू विवि में वीसी, रजिस्ट्रार, फाइनांस अफसर, एग्जाम कंट्रोलर। डीएसपीएमयू में असिस्टेंट रजिस्ट्रार। विनोद बिहारी महतो कोयलांचल विवि में रजिस्ट्रार। वीमेंस यूनिवर्सिटी जमशेदपुर में रजिस्ट्रार, एग्जाम कंट्रोलर। झारखंड रक्षा शक्ति यूनिवर्सिटी में वीसी, रजिस्ट्रार, फाइनांस अफसर, असिस्टेंट रजिस्ट्रार समेत कई पद।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *