मुंगेली में विश्व पर्यावरण दिवस पर वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग ने किसान वृक्ष मित्र योजना के तहत विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया। लोरमी विकासखंड के ग्राम कोतरी स्थित डीएवी मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल में यह कार्यक्रम हुआ। छत्तीसगढ़ के वाणिज्य, उद्योग एवं श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन ने मुख्य अतिथि के रूप में स्कूल परिसर में रुद्राक्ष का पौधा लगाया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, ग्रामीणों और विद्यार्थियों ने मिलकर 100 से अधिक फलदार और छायादार पौधे लगाए। मंत्री ने स्टूडेंट्स को वृक्षारोपण के लिए प्रेरित किया मंत्री देवांगन ने किसान समूहों और विद्यार्थियों को निःशुल्क पौधे वितरित किए। उन्होंने सभी को अधिक से अधिक वृक्षारोपण और उनकी देखरेख के लिए प्रेरित किया। मंत्री ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने प्रदेश में चल रहे ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान में भागीदारी की अपील की। जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीकांत पांडेय ने वृक्षारोपण को पर्यावरण संरक्षण की दिशा में आवश्यक बताया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल, वनमंडलाधिकारी अभिनव कुमार, जिला पंचायत सीईओ प्रभाकर पांडेय, स्कूल प्राचार्य समीर मंडन समेत शिक्षक, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।


