लुधियाना| शादी का झांसा देकर एक युवती के साथ दुष्कर्म करने और बाद में उसके वीडियो-फोटो वायरल करने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़िता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि आरोपियों ने पहले उससे शादी करने का वादा किया। इसी भरोसे पर उन्होंने उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। बाद में आरोपियों ने कथित तौर पर उसके वीडियो और फोटो बना लिए और उन्हें वायरल करने की धमकी देकर उसे डराने लगे। शिकायत के अनुसार आरोपी लगातार उसे ब्लैकमेल कर रहे थे, जिससे वह मानसिक रूप से काफी परेशान हो गई। पीड़िता ने हिम्मत जुटाकर मामले की शिकायत पुलिस से की। पुलिस के मुताबिक, 17 जनवरी को दर्ज शिकायत के आधार पर थाना सलेम टाबरी में केस दर्ज किया गया है। आरोपियों की पहचान न्यू शिवपुरी रोड निवासी सरफराज खान, फुलजां और शायरा के रूप में हुई है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पीड़िता के बयान के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।


