मनेंद्रगढ़ | जिला मुख्यालय मनेंद्रगढ़ में वीर बाल दिवस सेवा संकल्प के तहत रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें 30 रक्तदाताओं ने रक्तदान किया। यह आयोजन सांस्कृतिक मंच के तत्वावधान में मनेंद्रगढ़ के 220 बिस्तर अस्पताल परिसर में किया गया। युवा, बुजुर्ग और समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने इस पुनीत कार्य में बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए स्वेच्छा से रक्तदान किया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराना और समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता फैलाना रहा। शिविर में मौजूद चिकित्सा टीम द्वारा रक्तदाताओं की पहले पूरी स्वास्थ्य जांच की गई, जिसमें हीमोग्लोबिन, रक्तचाप और सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण शामिल थे। जांच पूरी होने के बाद ही सुरक्षित तरीके से रक्तदान कराया गया। सांस्कृतिक मंच के अध्यक्ष सन्नी खनूजा ने जानकारी देते हुए बताया कि वीर बाल दिवस के पावन अवसर पर मंच द्वारा यह रक्तदान शिविर आयोजित किया गया है। कार्यक्रम में रामचरित द्विवेदी, धीरेंद्र विश्वकर्मा, उत्कर्ष सेन, आशुतोष, गौरव मिश्रा, डॉ. स्वाति सिंह, अर्चना जायसवाल, सिद्दू पुरी, प्यारेलाल, शारदा तिवारी मौजूद रहे।


